पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी सलमा अंसारी बोलीं, स्कूल में फेंके जा रहे बम, क्या गरीब बच्चों को पढ़ाना छोड़ दूं Aligarh News
सिविल लाइंस क्षेत्र के शमशाद मार्केट स्थित मदरसा चाचा नेहरू स्कूल में गुरुवार को उस समय खलबली मच गई जब कक्षा में बाहर से फेंका गया सूतली बम फट गया।
अलीगढ़ (जेएनएन)। सिविल लाइंस क्षेत्र के शमशाद मार्केट स्थित मदरसा चाचा नेहरू स्कूल में गुरुवार को उस समय खलबली मच गई, जब कक्षा में बाहर से फेंका गया सूतली बम फट गया। उस समय पूर्व उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी की पत्नी सलमा अंसारी बाल दिवस पर खेल प्रतियोगिताएं करा रहीं थीं। इसलिए उस समय कक्षा में कोई नहीं था। सलमा अंसारी ने सिविल लाइंस पुलिस को बुलाकर सख्त नाराजगी जताई। कहा, स्कूल में सूतली बम फेंके जा रहे हैं। छात्राओं पर फब्तियां कसी जाती हैं, क्या मैं गरीब बच्चों को पढ़ाना छोड़ दूं? पुलिस ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया।
19 साल से चल रह है मदरसा
सलमा अंसारी अलीगढ़ में 19 साल से मदरसा चला रही हैं। इसमें 4000 के करीब बच्चे निश्शुल्क पढ़ते हैं। मिड-डे मील का भी वितरण होता है। सलमा अंसारी ने बताया कि स्कूल के बगल में ही एक हॉस्टल है, वहां से ही ऐसी हरकतें हो रही हैं। ऐसी-ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिनसे लगता है कि कुछ लोग बच्चों को पढ़ता देखकर खुश नहीं हैं। एक साल पहले टंकी के पानी में जहर मिला दिया गया था। अब बम फेंके जा रहे हैं। दोपहर दो बजे के करीब बच्चे खेलकूद प्रतियोगिता में व्यस्त थे। क्लास में तेज धमाके की आवाज आई। कमरे में जाकर देखा तो फटा हुआ सूतली बम मिला।
बकरा छिपाया, शिक्षिका से अभद्रता
सलमा के अनुसार स्कूल में एक बकरा भी रहता है जो बच्चों से घुल-मिल गया है। उसे भी दो दिन पहले गायब कर दिया था। वो भी हॉस्टल में मिला। शिक्षिका बकरे को लेने गईं तो उनसे अभद्रता की गई। दो दिन पहले पत्थर फेंके गए। शाम को हॉस्टल मालिक को भी स्कूल बुलाया था। उनसे कह दिया है कि स्कूल साइड में दीवार ऊंची कर दें, ताकि वहां से कोई कुछ फेंक न सके।
अभी तक नहीं मिली है तहरीर
सिविल लाइन के इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि हॉस्टल की ओर से पत्थर व पटाखा फेंकने की जानकारी मिली थी। दो दिन पहले भी पत्थर फेंकने की घटना हुई थी। तब हॉस्टल मालिक ने जाली लगाने की बात कही थी। पटाखा फेंकने की घटना के बाद फिर उसे पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा गया है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।