बिना सोचे संघ के बारे में बोलने वालों को समझाएंगे आरएसएस नेता aligarh news
कार्यशाला में अलीगढ़ बरेली आगरा मथुरा एटा आदि जिलों के जिला संपर्क प्रमुख व महानगर प्रमुख शामिल हुए।
अलीगढ़ (जेएनएन)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संपर्क विभाग की दो दिवसीय कार्यशाला में अखिल भारतीय सह संपर्क प्रमुख रामलाल ने कहा कि संघ का प्रमुख काम समाज में फैली कुरीतियों को खत्म कराना है। जो लोग संघ के बारे मेें नहीं जानते और गलत बोलते हैं, उन्हें समझाना है। संपर्क विभाग को यह अहम जिम्मेदारी संभालनी होगी।
कार्यशाला का हुआ आयोजन
रविवार को एसजेडी पब्लिक स्कूल में कार्यशाला के समापन पर रामलाल ने कहा कि संघ के छह कार्य विभागों में संपर्क विभाग प्रमुख है। इसके जरिये हमें समाज के हर व्यक्ति से मिलकर संघ की उपलब्धियों के बारे में बताना है। संघ के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। सह संपर्क प्रमुख रमेश अप्पा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है। संपर्क विभाग के जरिये समाज के हर वर्ग तक पहुंचा जा सकता है।
कई जिलों से आए कार्यकर्ता
कार्यशाला में अलीगढ़, बरेली, आगरा, मथुरा, एटा आदि जिलों के जिला संपर्क प्रमुख व महानगर प्रमुख शामिल हुए। प्रांत संचालक डॉ. जगदीश वशिष्ठ, प्रमोद चौहान, प्रांत सह संपर्क प्रमुख विमल, जिला संपर्क प्रमुख सूरजपाल, प्रचार प्रमुख महेश कुमार आदि मौजूद रहे। सह संपर्क प्रमुख रामलाल बाद में पूर्व चेयरमैन तुलसी प्रसाद के परिजनों को सांत्वना देने अतरौली भी गए।
अनुच्छेद 370 हटाना बनाया बड़ी जीत
कार्यशाला में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने पर भी चर्चा हुई। जिसे संघ की बड़ी जीत बताया गया। संघ के एजेंडा में यह पहले ही शामिल था। हालांकि इस चर्चा की किसी ने पुष्टि नहीं की।
बुद्धजीवियों के साथ बैठक
संघ पदाधिकारियों ने वाष्र्णेय मंदिर, तरुण वैली व टाइगर लॉक में शहर के प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की। बैठक में डॉक्टर, शिक्षक, सीए, व्यापारी आदि को बुलाया गया था। सभी को संघ के बारे में बताया गया। टाइगर लॉक में शहर कार्यवाहक ललित कुमार ने नगर प्रमुखों को संबोधित किया। बैठक में इस बात पर भी मंथन हुआ कि दस हजार की आबादी पर एक शाखा लगाई जाए। महानगर को पंद्रह नगरों में विभाजित किया गया।