विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आंखों में आंसू, हाथ में टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी, रिंकू सिंह ने पूरा किया पिता का सपना

Published: Mon, 09 Mar 2026 06:50 AM (IST)

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतकर अपने दिवंगत पिता खानचंद का सपना पूरा किया। 30 जनवरी 2026 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. रिंकू सिंह ने टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती।

  2. दिवंगत पिता खानचंद का सपना पूरा किया।

  3. जीत की खुशी संग पिता के न होने का दुख।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। 30 जनवरी 2026 का दिन। जब टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप की ट्रॉफी रिंकू सिंह के स्कूल डीपीएस अलीगढ़ में प्रदर्शित करने को लाई गई थी। तब पिता खानचंद ने वीडियो कॉल करके बेटे रिंकू से ट्रॉफी दिखाते हुए कहा था, इसे देखे ले, ये तुझको लेकर आनी है।

तब बेटे ने जवाब दिया था कि हां पापा, पूरी कोशिश करूंगा कि ट्राफी जीतकर आऊं। आज आठ मार्च का दिन है, जब बेटे ने अपने पिता का सपना पूरा कर दिया। मगर, मन में टीस ये है कि पिता इस सपने को साकार होता देखने के लिए परिवार के साथ नहीं हैं।

27 फरवरी 2026 को उनका निधन हो गया। भारतीय टीम को जब विजेता ट्रॉफी सौंपी गई तो रिंकू ने भी ट्रॉफी को हाथ में उठाया। आसमान की ओर देखते हुए यही कहा होगा कि पापा ट्रॉफी जीत ली...।

रिंकू दिवंगत पिता का अंतिम संस्कार करने 27 फरवरी को टीम से अलग होकर चेन्नई से अलीगढ़ आए थे। देश की खातिर अगले ही दिन 28 फरवरी को वे टीम के साथ फिर जुड़ने के लिए ओजोन सिटी स्थित आवास से रवाना हो गए थे।

रिंकू व उनके परिवार के सामने ऐसी विषम स्थिति आ खड़ी हुई है कि एक तरफ ट्रॉफी जीतने की खुशी तो दूसरी ओर पिता के न रहने का दुख है। अब 11 मार्च को उनकी तेरहवीं होनी है। इसलिए इस जीत का जश्न उनके महुआखेड़ा स्थित मैदान पर नहीं किया गया।

मगर, बेटे ने अपने पिता का सपना पूरा कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि जरूर अर्पित की है। इसके साथ ही रिंकू वो क्रिकेटर भी बन गए हैं जो विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे हैं।

मैच जीतने के बाद प्राइज सेरेमनी में जब रिंकू को मेडल पहनाने के लिए बुलाया गया ताे अलीगढ़वासी खुशी से झूम उठे। अब शहरवासी क्रिकेटर रिंकू के विश्व विजेता बनकर वापसी करने का इंतजार कर रहे हैं।