Republic Day 2020...सैर सपाटा और मस्ती के साथ छुट्टी में मनोरंजन Aligarh News
गणतंत्र दिवस। उल्लास और उमंग का दिन जिसका उत्साह देशभर में हर साल देखते बनता है। गीतों और नारों के बीच राष्ट्रभक्ति जोश हर तरफ दिखता है।
अलीगढ़ [जेएनएन]: गणतंत्र दिवस। उल्लास और उमंग का दिन, जिसका उत्साह देशभर में हर साल देखते बनता है। गीतों और नारों के बीच राष्ट्रभक्ति जोश हर तरफ दिखता है। राष्ट्रीय अवकाश के इस दिन मस्ती का पूरा मौका होता है। मनोरंजन व सैर सपाटे के लिए शहर में ही नहीं, आसपास के जिलों में कई प्रमुख स्थल हैं...
बुला रही शेखाझील
प्रकृति व पक्षी प्रेमियों के लिए शेखाझील पक्षी विहार सबसे मुफीद जगह है। इन दिनों यहां की रमणीयता व प्रवासी पक्षियों का कलरव पर्यटकों को खूब भा रहा है। वॉच टॉवर से पक्षियों की जलक्रीड़ा व उछलकूद रोमांचित करती है। कुछ घंटे शांति-सुकून के बीच चाहते हैं तो शेखाझील आपको बुला रही है। यह झील जिला मुख्यालय से मात्र 15-16 किलोमीटर दूर पनैठी-गंगीरी रोड पर स्थित है।
प्राकृतिक सौंदर्य व मनोरंजन के लिए शहर में पार्क
यदि आप शहर में ही हरे-भरे प्राकृतिक वातावरण व बच्चों के लिए मनोरंजन वाले स्थान पर जाना चाहते हैं तो कलक्ट्रेट रोड पर जवाहर पार्क (नकवी) से बढिय़ा जगह कोई नहीं हो सकती। यहां की रमणीयता भी मन को भा लेते है। बच्चे भी बोर नहीं होंगे, यहां उनके लिए झूले आदि के प्रबंध हैं।
'ताना जी' के साथ अवकाश का लीजिए आनंद
अवकाश के दिन हर व्यक्ति अपने परिवार के साथ फुर्सत के पल बिताना चाहेगा। इसमें सिनेमा भी एक बेहतर विकल्प है। जिले में तीन मल्टीफ्लेक्स व दो साधारण सिनेमा हॉल हैं। इनमें रामघाट रोड स्थित जीवीएम में स्टार वल्र्ड सिनेमा, नई बस्ती स्थित सीमा व बारहद्वारी का डीडी सिनेमा सबसे प्रमुख है। इन दिनों अजय देवगन की फिल्म 'ताना जी' अपने रिलीज के तीसरे सप्ताह भी छाई हुई है। हर सिनेमा घर में इसका प्रदर्शन जारी है। हालांकि, 'पंगा' व स्ट्रीट डांसर 3 को भी अच्छे खासे दर्शक मिल रहे हैं।
तीर्थधाम मंगलायतन
हाथरस मुख्यालय से करीब नौ किलो मीटर दूर कस्बा सासनी में मंगलायतन जिले का प्रमुख तीर्थस्थल है। यहां भगवान महावीर स्वामी की विशाल प्रतिमा स्थापित है। जैन धर्म के प्रमुख तीर्थंकर के बारे में भी जानकारी दी गई है। विशाल गुफा पौराणिक कथाओं और परंपराओं की याद दिलाती है। शहर से दूर सकुन वातावरण यहां पर्यटकों को लुभाता है। यह स्थल अलीगढ़ मुख्यालय से 16 किलो मीटर दूर है। बस, ऑटो व निजी वाहनों से यहां पहुंच सकता है।
आगरा का ताजमहल व किला
ऐतिहासिक स्थलों के लिए दुनिया का आठवां अजूबा ताजमहल यहां से करीब 85 किलो मीटर दूर आगरा में है। यहीं आगरा किला, एत्मात्दौला का मकबरा, लाल ताजमहल, चीनी का रोजा, राधा स्वामी संप्रदाय के केंद्र दयाल बाग प्रमुख स्थलों में है।
तीर्थ के लिए चलो मथुरा
यदि आप धार्मिक यात्रा करना चाहते हैं तो 65 किलो मीटर मथुरा तीर्थ स्थली से अच्छा कोई दूसरा स्थान नहीं। सुबह जाकर शाम तक आ सकते हैं। यहां वृंदावन में बिहारी जी मंदिर, प्रेम मंदिर, पागल बाबा का मंदिर, मथुरा में द्वारिकाधीश मंदिर, बिरला मंदिर सहित अनेक प्रसिद्ध मंदिर हैं। जमुना जी दर्शन और शाम की आरती में शामिल हों तो बात ही कुछ और है।
नरौरा में वोटिंग
जिला मुख्यालय से करीब 55 किलो मीटर दूर नरौरा में गंगा किनारे बना एटमी पॉवर प्लांट आर्कषण का केंद्र है। गंगा के बसी घाट पर वोटिंग का लुफ्त भी उठाया जा सकता है। बस व निजी वाहनों से जा सकते हैं।