कटोरा लेकर शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास पर धरना, 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों का अनोखा प्रदर्शन
68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों ने अलीगढ़ में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास पर दूसरे दिन भी ...और पढ़ें

बेसिक शिक्षामंत्री संदीप सिंह के आवास पर धरने पर बैठे अभ्यर्थीी।
HighLights
68500 सहायक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास पर अभ्यर्थियों का धरना।
ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत छूट की मुख्य मांग।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। 68500 सहायक शिक्षक भर्ती-2018 के अभ्यर्थियों का प्रदर्शन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के मेरिस रोड स्थित आवास पर धरना दिया। अभ्यर्थी हाथों में कटोरे लेकर पहुंचे और सरकार से लंबित नियुक्तियों का रास्ता साफ करने की मांग की।
अभ्यर्थियों का कहना है कि उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की संस्तुति के अनुसार ओबीसी अभ्यर्थियों को उत्तीर्णांक में पांच प्रतिशत की छूट दी जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा में उनकी उम्र बढ़ रही है और भविष्य प्रभावित हो रहा है।
कल भी किया था प्रदर्शन
इससे पहले कल भी प्रदर्शन किया गया था। अभ्यर्थियों की ओर से मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में कहा गया है कि पांच प्रतिशत की छूट के बाद 150 में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत प्राप्त करने वाले ओबीसी अभ्यर्थियों को पात्र मानते हुए सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाए।
उनका कहना है कि इस संबंध में शीघ्र निर्णय होने से लंबे समय से नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिल सकती है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि वे लंबे समय से नियुक्ति की मांग को लेकर अलग-अलग स्तर पर अपनी बात रखते आ रहे हैं। अब उनकी मांग है कि सरकार इस प्रकरण पर जल्द निर्णय लेकर नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाए।
यह भी पढ़ें- 68,500 शिक्षक भर्ती: मंत्री संदीप सिंह के घर पहुंचकर प्रदर्शन, आरक्षण विसंगतियों और संशोधित परिणाम की मांग
