लॉकडाउन से पहले आसमान पर थे दाम, प्याज के भाव गिरे, लहसुन स्थिर Aligarh news
लॉकडाउन में खपत न होने से सब्जियों के भाव गिरे हुए हैं। जो प्याज 30 रुपये से नीचे नहीं आया वह अब 15 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है।
अलीगढ़ जेएनएन : लॉकडाउन में खपत न होने से सब्जियों के भाव गिरे हुए हैं। जो प्याज 30 रुपये से नीचे नहीं आया, वह अब 15 रुपये प्रतिकिलो बिक रहा है। लॉकडाउन से पहले तक प्याज 50 से 60 रुपये किलो बिका था। लेकिन लहसुन का भाव अभी स्थिर है। बाजार में 160 रुपये किलो है। इसकी वजह है कि मंडी में प्याज भरपूर आ रही है, लहसुन कम पहुंच रहा है।
प्रशासन ने तय की कीमत
लॉकडाउन के शुरू में सब्जियों के दाम बढ़ गए थे। महंगाई का शोर हुआ तो प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतें निर्धारित कर दीं। सब्जियों की बाहर सप्लाई नहीं हो रही। होटल, रेस्टोरेंट आदि बंद हैं, जहां सब्जियों की ज्यादा खपत होती थी। इसी कारण सब्जियों की कीमत घटने लगी। वह भी इतनी कि आम आदमी के बजट में हैं। प्याज की कीमत अप्रत्याशित रूप से कम हैं। धनीपुर मंडी में रोज चार टन प्याज पहुंच रहा है। लेकिन लहसुन की आवक कम है। अन्य सब्जियों पर भी कीमतें गिरी हैं। टमाटर 10 रुपये किलो बिक रहा है। करेला, भिंडी, शिमला मिर्च पर भी भाव गिरे हैं। किसानों का कहना है कि सब्जियों की बाहर सप्लाई नहीं हो रही, ऐसे में वे मंडियों में सब्जियां खपा रहे हैं।