विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अलीगढ़: जल्द आ सकते हैं PM Modi, 1500 करोड़ की योजनाएं; प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Fri, 09 Oct 2026 08:40 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दशहरे के बाद अलीगढ़ का दौरा कर सकते हैं, जहां वे 1500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इस संभावित दौरे में जनसभा को भी संबोधित करने की योजना है, जिसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दशहरा के बाद जिले में आने की संभावना है। हालांकि, अभी तक उनके दौरे का कोई आधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अंदरखाने तैयारियां शुरू होने की जानकारी है। प्रस्तावित दौरे में प्रधानमंत्री जिले की 1500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित कर सकते हैं।

वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का यह संभावित दौरा राजनीतिक और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की नजर जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं पर है।

इनमें राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू), क्वार्सी फ्लाइओवर, नौरंगीलाल राजकीय इंटर कालेज का स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स व बारहद्वारी स्थित मल्टीलेवल कार पार्किंग समेत अन्य परियोजनाएं शामिल हो सकती हैं। हालांकि, लोकार्पण और शिलान्यास के लिए परियोजनाओं की अंतिम सूची शासन स्तर से तय होनी है। जनसभा के स्थल को लेकर भी अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन के स्तर से स्थानों के चयन पर विचार चल रहा है।

विश्वविद्यालय के निर्माण पर विशेष नजर

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए आरएमपीएसयू के निर्माण कार्य भी महत्वपूर्ण हो गए हैं। यहां अधिकतर काम हो चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 22 जून को अलीगढ़ दौरे के दौरान विश्वविद्यालय भवन के निर्माण में देरी पर नाराजगी जताई थी।

इसके बाद लोक निर्माण विभाग व निर्माणदायी एजेंसी ने शेष कार्यों को पूरा करने में तेजी दिखाई। परिसर में अधिकतर काम हो गए हैं। इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 21 सितंबर 2021 को किया था। ऐसे में इसके निर्माण को पूरा कराकर लोकार्पण भी प्रशासन की प्राथमिकता में हैं।

आधिकारिक कार्यक्रम का इंतजार

प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा, यातायात, जनसभा स्थल व विकास परियोजनाओं से संबंधित तैयारियों की रूपरेखा पर काम किया जा रहा है। हालांकि, दौरे की तिथि, कार्यक्रम स्थल व लोकार्पण-शिलान्यास की परियोजनाओं को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शासन से कार्यक्रम जारी होने के बाद तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।