Move to Jagran APP

भारत बंद का शहर में दिखा आंशिक असर

महंगाई-भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस के देशव्यापी बंद का सोमवार की सुबह दिखा आंशिक असर।

By JagranEdited By: Published: Mon, 10 Sep 2018 11:03 AM (IST)Updated: Mon, 10 Sep 2018 11:03 AM (IST)
भारत बंद का शहर में दिखा आंशिक असर
भारत बंद का शहर में दिखा आंशिक असर

अलीगढ़ : महंगाई-भ्रष्टाचार के विरोध में कांग्रेस के देशव्यापी बंद का सोमवार की सुबह शहर में आंशिक असर दिखाई दिया। हालांकि इसे सफल बनाने के लिए पार्टी नेताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है। दोपहर में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कांग्रेसी और उसके समर्थक दल विरोध प्रदर्शन करेंगे।

loksabha election banner

सोमवार की सुबह नौ बजे कार्यकर्ता पूर्व सांसद चौ. बिजेंद्र सिंह के आवास पर एकत्रित हो गए। यहां से नुमाइश मैदान होकर जीटी रोड पहुंचेंगे। शहर कांग्रेस के कार्यकर्ता धर्मपुर कोर्ट यार्ड पर एकत्रित होंगे। इस दौरान प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसकी कमान प्रदेश कांग्रेस महासचिव व शहर प्रभारी अजित सिंह दौला और सह प्रभारी पीतांबर शर्मा के हाथ में दी गई है।

जिला उपाध्यक्ष राजीव लीडर व पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. धमेंद्र कुमार लोधी ने बताया कि कलक्ट्रेट पर डीएम को ज्ञापन दिया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने नगर व ब्लॉक अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को बंद को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

राफेल खरीद फरोख्त की हो न्यायिक जांच

शहर प्रभारी अजित सिंह दौला ने कहा कि किसानों पर होने वाला खर्च केंद्र सरकार खुद की ब्रांडिंग पर लुटा रही है। राफेल खरीद फरोख्त की न्यायिक जांच होनी चाहिए। सरकार ने तेल से ही 11 लाख करोड़ रुपये कमाया है। इसका हिसाब नहीं दे रही। सिर्फ खुद की ब्रांडिंग पर प्रधानमंत्री पैसा खर्च कर रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के सीपी गौतम, नौशाद कुरैशी, सरदार दलजीत सिंह, आगा यूनिस, आनंद बघेल आदि थे।

रालोद का समर्थन

भारत बंद का रालोद ने समर्थन किया है। जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का समर्थन देने का निर्देश मिला है। कार्यकर्ता सुबह 11 बजे कलक्ट्रेट पर एकत्रित होंगे। डीएम को ज्ञापन देंगे।

कंछल गुट भी साथ

पूर्व सांसद व उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कांग्रेस के बंद का समर्थन किया है। महानगर अध्यक्ष प्रदीप गंगा ने बताया कि समर्पण कांप्लेक्स कार्यालय में हुई बैठक में बंदी के समर्थन का एलान किया गया। बैठक में महामंत्री शिव कुमार पाठक, चेयरमैन ओपी राठी, नवेंद्र जैन, रत्‍‌नाकर आर्य, आमिर, आबिद, महेश कुमार मौजूद थे।

जिले भर में अलर्ट जारी

कांग्रेस के भारत बंद के आह्वान के चलते पुलिस ने जिले में अलर्ट जारी किया है। आरपीएफ व जीआरपी ने अलीगढ़ रेलवे जंक्शन के अलावा डांबर, सोमना, कलुवा, महरावल, दाऊद खां, मडराक आदि स्टेशनों पर जवान तैनात किए हैं। उन्हें रेलवे ट्रैक की कड़ी चौकसी के निर्देश दिए हैं। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रमुख बाजारों, चौराहों व भीड़ भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस कर्मियों की डयूटी लगाई है। किसी भी व्यक्ति को जबरन बाजार, दुकान बंद कराने की अनुमति नहीं होगी। बिना अनुमति प्रदर्शन पर भी प्रतिबंध है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.