पैरामेडिकल स्टाफ ने की हड़ताल
जेएन मेडिकल कॉलेज में ठेके पर कार्यरत पैरामेडिकल स्टाफ व सुरक्षा गार्ड ने प्रदर्शन किया।
जासं, अलीगढ़ : जेएन मेडिकल कॉलेज में ठेके पर कार्यरत पैरामेडिकल स्टाफ व सुरक्षा गार्ड गुरुवार को हड़ताल पर चले गए। उन्हें चार महीने से तनख्वाह नहीं मिली है। इससे अस्पताल का कामकाज प्रभावित हो गया है। सपा नेता भी उनके धरने में शामिल हुए। अस्पताल प्रशासन ने 72 घंटे में समस्या समाधान का भरोसा दिया है। इसके बाद ही कर्मचारी काम पर लौटे।
मेडिकल कॉलेज में 152 कर्मचारी ठेके पर कार्यरत हैं। पैरामेडिकल स्टाफ के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं तो कुछ सुरक्षा गार्ड का। लखनऊ ने एक फर्म ने उन्हें काम पर रखा है। फर्म ने उन्हें चार महीने से तनख्वाह नहीं दी है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। सुरक्षा गार्ड बिलाल अहमद ने बताया कि तनख्वाह के लिए कई बार ठेकेदार से बात हुई है लेकिन उसने किसी का भुगतान नहीं किया। इस कारण सभी कर्मचारी काम बंद कर हड़ताल पर चले गए हैं। ट्रामा सेंटर के सामने धरना भी दिया। वहीं सपा नेता अज्जू इशहाक भी उनके समर्थन में धरने पर बैठ गए।