Aligarh Panchayat Chunav 2021: पंचायत चुनाव की मतगणना कल, 15857 दावेदारों का भविष्य का होगा फैसला, ऐसे मिलेगा प्रवेश Aligarh News
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रविवार को मतगणना प्रस्तावित है। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली है। इस बार मतगणना 24 घंटे में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक न्याय पंचायतवार एक की जगह चार टेबल लगाई जाएंगी।
अलीगढ़, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की रविवार को मतगणना प्रस्तावित है। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली है। इस बार मतगणना 24 घंटे में संपन्न कराई जाएगी। इसके लिए प्रत्येक न्याय पंचायतवार एक की जगह चार टेबल लगाई जाएंगी। टेबल बढ़ाने से वोटों की गिनती जल्दी होगी और परिणाम भी जल्दी घोषित होगा। इसके अलावा प्रशासन ने फैसला किया है कि इस बार मतगणना के दौरान प्रत्याशी और उनके समर्थक मतगणना स्थल पर भीड़ नहीं जुटाएंगे। प्रत्याशी या फिर उसका एक एजेंट मतगणना स्थल पर रहेगा। जीत के बाद शांतिपूर्ण तरीके से से घर जाना होगा। विजयी जुलूस निकालने पर प्रतिबंध रहेगा। कोरोना नियमों का सख्ती से पालन होगा। मतगणना स्थलों पर पूरी तरह से कफ्र्यू रहेगा। सुबह आठ बजे मतगणना की शुरुआत होगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था। जिले में कुल 75.33 फीसद तक रिकार्ड तोड़ वोट पड़े। अब रविवार को इन मतों की गणना होनी है। प्रशासन ने इसको लेकर तैयारी पूरी कर ली है। जिले में कुल 122 न्याय पंचायत हैं। अब तक हर य पंचायत पर एक टेबल लगाकर मतपेटिकाओं को खोला जाता था, इसके बाद प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए पड़े मतों को अलग-अलग किया जाता था। इसके बाद मतों की गिनती होती थी, लेकिन इस बार इसमें बदलाव कर दिया गया है। पहली बार एक न्याय पंचायत में चार टेबल स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक टेबल पर मतों की गिनती अलग-अलग पदों के लिए पड़े मतों की होगी। ऐसे में जिले में कुल 488 टेबल बनेंगी। एक टेबल पर पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू कराई जाएगी। मतगणना स्थल पर सिर्फ प्रत्याशी या उसका एजेंट ही मौजूद रहेगा। अन्य किसी को भी आने की अनुमति नहीं होगी। विजेताओं की घोषणा करते हुए विभिन्न माध्यमों से उन तक सूचना पहुंचा दी जाएगी। बता दें कि पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होता है। इसके चलते एक-एक बैलेट पेपर को गिनकर प्रत्याशियों को पड़े वोटों की गिनती की जाती है।
15857 लोगों के भविष्य का होगा फैसला
इस बार जिले में कुल 15858 उम्मीदवारों भविष्य दांव पर लगा हुआ है। इनमें प्रधान के 6001, जिला पंचायत सदस्य के 474, बीडीसी के 5188 व ग्राम पंचायत सदस्य के 4195 उम्मीदवार शामिल हैं। मतगणना के साथ ही जिले को कुल 47 नए जिला पंचायत सदस्य, 1156 बीडीसी व 867 नए ग्राम प्रधान मिलने शुरू हो जाएंगे। चार हजार से अधिक ग्राम पंचायत सदस्य पहले ही निर्विरोध हो चुके हैं।
छह हजार कर्मी लगे हैं मतगणना : दो पालियों में यह मतगणना होगी। इसमें छह हजार कर्मचारियों को लगाया गया है। 12-12 घंटे की शिफ्ट चलेंगी। दूसरे कर्मचारियों के आने पर ही पहले पाली के कर्मचारी अपनी ड्यूटी छोड़ सकेंगे। इसके अलावा 10 फीसद कर्मचारियों को आरक्षित रखा गया है।
मतगणना स्थल पर जुखाम-बुखार पर प्रवेश नहीं
अलीगढ़, जेएनएन। मतगणना स्थल पर किसी भी ऐसे व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। जिसमें कोरोना का कोई भी लक्षण होगा। अगर किसी एजेंट में जुकाम बुखार आदि के लक्षण मिले तो केंद्र से बाहर किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर न भीड़ जुटने दी जाएगी और न ही उम्मीदवारों को विजय जुलूस निकालने की अनुमति मिलेगी। अगर कोई भी व्यक्ति इस नियम को तोड़ता है तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।
कोरोना नियमों का सख्ती से पालन
मतगणना से संबंधित सभी व्यक्तियों को ही नहीं मतपेटियों को भी सैनिटाइज किया जाएगा। सभी मतगणना केंद्रों पर सफाई व सैनिटाइजेशन की विशेष व्यवस्था रहेगी। गिनती के दौरान पाली परिवर्तन के समय भी टेबल को सैनिटाइज किया जाएगा। प्रत्येक मतगणना केंद्र पर मेडिकल हेल्थ डेस्क सक्रिय रहेगी। इसमें आवश्यक दवा व चिकित्सक उपलब्ध होंगे। प्रत्याशियों व उनके एजेंटों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद ही मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मतगणना स्थल में प्रवेश से पहले आक्सीमीटर व थर्मामीटर से टेस्ट जरूर कराना होगा।सुबह आठ बजे से ब्लाक स्तर पर मतगणना की शुरुआत होगी। इसके दो घंटे बाद ही जिले में बीडीसी व प्रधान पद के परिणाम आने लगेंगे। छोटी पंचायतों के परिणाम पहले जारी होंगे। लगातार 24 घंटे यह मतगणना चलती रहेगी। देर रात तक अधिककर जिला पंचायत सदस्यों के भी परिणाम लगभग तय हो जाएंगे।