महिला रेल यात्रियों को जागरूक बना रही निर्भया सेना
रेल में सफर करने वाली महिला यात्रियों को रास्ते में होने वाले किसी भी अपराध से बचाने को उन्हें निर्भया सेना जागरूक बना रही है। स्टेशन के अलावा ट्रेनों में निर्भया सेना के सदस्य महिला यात्रियों को जागरूक करने का काम कर रही हैं।
अलीगढ़, जागरण संवाददाता। रेल में सफर करने वाली महिला यात्रियों को रास्ते में होने वाले किसी भी अपराध से बचाने को उन्हें निर्भया सेना जागरूक बना रही है। स्टेशन के अलावा ट्रेनों में निर्भया सेना के सदस्य महिला यात्रियों को जागरूक करने का काम कर रही हैं।
महिलाओं को किया जागरूक
निर्भया सेना के अध्यक्ष प्रियंका सिंह के नेतृत्व में महिला सदस्य अभियान में ऐसी महिलाओं को चिन्हित कर रही हैं जो अकेली सफर कर रही होती हैं। अभियान में यात्री सुरक्षा, हेल्प लाइन नंबर 139 व 182 के प्रचार- प्रसार के साथ ही महिला यात्रियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। यात्रियों को बताया जा रहा है कि यात्रा के दौरान किसी भी सुरक्षा से संबंधित सहायता के लिए गाड़ी में तैनात अनुरक्षण स्टाफ व अगले किसी भी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ व जीआरपी की सहायता ली जा सकती है।
खुद करें आत्मरक्षा
महिला यात्रियों को संदेश दिया जा रहा है कि वे होेने वाली आपराधिक घटनाओं से बचाव को खुद की अात्मरक्षा करें और दूसरों पर निर्भर न रहें। सफर के दौरान किसी भी यात्री के कुछ भी खाने, पीने की सामग्री दी जाती है तो उसे खाने-पीने से साफ इन्कार कर दें। ऐसा करने वाले यात्री जहरखुरान गिरोह के सदस्य हो सकते हैं।
आपात काल में इन नंबरों पर फोन कर मांगे मदद
आपातकाल में 1090, वूमैन पावर लाइन, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, पुलिस आपातकाल सेवा 112, चाइल्ड लाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा को 102 व एंबुलेंस सेवा को 108 टोल फ्री नंबर पर काल करने के बारे में जानकारी दी जा रही है।
आरपीएफ की बन रही सहयोगी
आरपीएफ इंस्पेक्टर सीएस तोमर ने बताया कि निर्भया सेना के सहयोग से स्टेशन व ट्रेनों में महिला यात्रियों को जागरुक करने का काम कर रही हैं। इससे जहरखुरान आदि की घटनाएं पहले की अपेक्षा अब कम हुई हैं।