अलीगढ़ से संभल तक बनेगा 97 KM लंबा स्टेट हाईवे, 4 जिलों से होगी सीधी कनेक्टिविटी
अलीगढ़ में तीसरे स्टेट हाईवे का विस्तार किया गया है, जो इगलास से शुरू होकर हाथरस के सासनी होते हुए संभल के बैरपुर तक 97.810 किमी लंबा होगा।
-1780146693171_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जिले में प्रस्तावित तीसरे स्टेट हाईवे का अब लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने विस्तार कर दिया है। यह अलीगढ़-मथुरा रोड पर इगलास से शुरू होकर हाथरस के सासनी होते हुए संभल के गांव बैरपुर पर मेरठ-बदायूं राज्यमार्ग को जोड़ेगा। इसकी लंबाई 97.810 किलोमीटर और चौड़ाई 10 मीटर होगी। पहले यह मार्ग अलीगढ़-आगरा हाईवे पर सासनी से प्रस्तावित था। अब धार्मिक महत्व को देखते हुए मथुरा से जोड़ा जा रहा है।
जिले में अब तक बुलंदशहर जिले के छतारी से अतरौली होते हुए कासगंज तक और अलीगढ़-राया-मथुरा दो राज्य राजमार्ग(स्टेट हाईवे) हैं। अब तीसरे स्टेट हाईवे को बनाने की तैयारी है। यह स्टेट हाईवे अलीगढ़-मथुरा रोड पर इगलास से शुरू होकर सासनी, अकराबाद, नानऊ, दादों, सांकरा और मिठनपुर होते हुए मेरठ-बदायूं मार्ग पर स्थित बैरपुर तक जाएगा।
यह हाईवे हाथरस, अलीगढ़, संभल और बदायूं की सीमाओं को जोड़ने के साथ ही गाजियाबाद-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) और छतारी-कासगंज (वाया अतरौली) मार्ग को भी कनेक्ट करेगा। इससे राजस्थान से मथुरा होते हुए संभल जाना बेहद आसान हो जाएगा। धार्मिक दृष्टि से भी यह मार्ग अहम है, क्योंकि इसके बनने से मथुरा और सांकरा गंगा घाट एक-दूसरे से सीधे जुड़ जाएंगे।
सासनी से बढ़ाकर इगलास तक किया गया
पहले यह अलीगढ़-आगरा रोड पर सासनी से शुरू होना था। अब इगलास तक की दूरी 13.400 किमी बढ़ाकर वहां से शुरू किया जाएगा। इस प्रकार इसकी बैरपुर(संभल)तक लंबाई 84.410 से बढ़कर 97.810 हो जाएगी।
यह होंगे फायदे
राजस्थान से यूपी की सीमा में प्रवेश कर मथुरा होते हुए संभल जाने वाले वाहन इसी मार्ग से निकल जाएंगे। संभल से मथुरा की ओर से जाने वाले वाहनों के लिए यह सफर आसान रहेगा। मध्य प्रदेश की ओर से आगरा होकर संभल जाने वालों के लिए भी यह मार्ग उपलब्ध रहेगा।
इस मार्ग के बीच में पड़ने वाले गांव और कसबों और शहरों के रहने वाले लोगों को अच्छा विकल्प होगा। यह मार्ग अलीगढ़-आगरा हाईवे, गाजियाबाद-कानपुर हाईवे के अलावा छतारी अतरौली कासगंज और अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे को भी लिंक करेगा। मथुरा के अलावा अलीगढ़, हाथरस, संभल जिले भी जुड़ जाएंगे।
धार्मिक रूप से भी महत्वपूर्ण
इस मार्ग पर ब्रज चौरासी कोस के मथुरा के अलावा बेसवां के धरणीधर सरोवर पड़ते हैं। गिर्राज जी की परिक्रमा लगाने भी श्रद्धालु जाते हैं। उधर, सांकरा गंगाघाट भी धार्मिक स्थल है। यहां पर पूर्णिमा पर प्रतिवर्ष आसपास के जिलों के श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। महाशिवरात्रि पर भी शिवभक्त कांवड़ लाते हैं।
