703 करोड़ से बनेंगे छह नए बाईपास! इगलास-हाथरस, एटा और कासगंज शहर में जाम से मिलेगी मुक्ति
मंडल के सभी जिलों में नए बाईपास बनने से शहरों में जाम से मुक्ति मिलेगी। अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज ...और पढ़ें

अलीगढ़-मथुरा रोड पर इगलास कस्बा से गुजरते वाहन। जागरण
HighLights
मंडल के सभी जिलों में बनेंगे नए बाईपास।
छह बाईपास पर 703 करोड़ रुपये की लागत।
शहरों में भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति।
केसी दरगड़, अलीगढ़। आने वाले समय में मंडल के सभी जिलों में नए बाईपास बनने से शहर और कस्बों में जाम में फंसने से मुक्ति मिलेगी। अलीगढ़-मथुरा स्टेट हाईवे-80 पर पड़ने वाले इगलास आबादी के बाहर चार लेन बाईपास बनाया जाएगा। इसी प्रकार हाथरस में मथुरा बरेली हाईवे व हाथरस जलेसर मार्ग को क्रास करते हुए नया बाईपास बनाया जाएगा।
एटा में तीन और कासगंज में एक बाईपास मिलाकर छह बाईपास पर 703 करोड़ की लागत प्रस्तावित है। मंडल के चारों जिलों की वर्ष 2026-27 की 5184 करोड़ की कार्ययोजना बनाई गई है। इसमें शामिल इन बाईपास के निर्माण के प्रस्ताव लोक निर्माण विभाग की ओर से मुख्यालय भेजे गए हैं। इसमें सड़क, पुल और पुलिया के कार्य भी शामिल हैं।
5184 करोड़ की मंडल की कार्ययोजना में हैं शामिल
अलीगढ़-मथुरा रोड स्टेट हाईवे को चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसे सात मीटर से 10 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग पर इगलास, बेसवां होते हुए मथुरा होकर राजस्थान जाते हैं। इस हाईवे के सहारे कस्बा इगलास में काफी भीड़भाड़ रहती है। इस कारण जाम लग जाता है। अब आबादी से दूर आठ किलोमीटर लंबा बाईपास 152 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा। इसके बनने से जाम से मुक्ति मिलेगी।
703 करोड़ की लागत से बनेंगे चार जिलों में छह बाईपास
वहीं हाथरस में 200 करोड़ की लागत से 12 किलोमीटर लंबा बाइपास बनाया जाना प्रस्तावित है। यह मार्ग आगरा रोड पर नगला भुस (चंदपा) से शुरू होकर हाथरस-जलेसर रोड और मैंडू-सिकंदराराऊ रोड को पार करते हुए नए मथुरा बरेली हाईवे (530 बी) को जोड़ेगा। इससे कासगंज और बरेली की तरफ से आने वाले भारी वाहन शहर के अंदर प्रवेश नहीं कर पाएंगे।
मुख्य बाजारों में जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इस समय अलीगढ़-आगरा रोड पर रुहेरी से नगला भुस तक हाथरस शहर का बाईपास बना हुआ है। आगरा और अलीगढ़ आने जाने वाले भारी वाहन इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं।
यह भी पढ़ें- आगरा में पति को मारकर बाथरूम में गाड़ा: बैंक स्टेटमेंट और भाई की 'जासूसी' काम आई, 45 दिन बाद पकड़ी कातिल पत्नी रूबी
कासगंज और एटा में भी बनेंगे बाईपास
- शिकोहाबाद रोड (निधौली खुर्द)- सकीट रोड (सरदलगढ़)-पुरा, हरिचंद्रपुर कला एनएच-34 (छछैना) तक बाईपास का निर्माण किया जाएगा। 8.650 किलोमीटर लंबे बाईपास 80.19 करोड़ से बनाया जाएगा।
- इसी प्रकार एनएच-34 (सुन्ना नहरपुल) से पीएलजीसी पटरी, टूंडला एटा मार्ग (हिम्मतपुर) होते हुए शिकोहाबाद मार्ग तक बाईपास का निर्माण किया जाएगा। 17.04 किलोमीटर लंबे बाईपास पर 236 करोड़ रुपये लागत आएगी।
- इसी प्रकार एटा की तहसील जलेसर में बाईपास का निर्माण होगा। 5.790 किलोमीटर बाईपास का 35 करोड़ से निर्माण होगा।
- इसी प्रकार कासगंज में दो लेन सहावर बाईपास का निर्माण होगा। 3.400 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण 42.64 करोड़ में होगा।
यह भी पढ़ें- यूपी में बिना नोटिस के बढ़ा बिजली उपभोक्ताओं का लोड, स्मार्ट मीटर से 'खेल'! नियमों की अनदेखी से बढ़ी परेशानी
