विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वागत द्वार नहीं, अब बनेंगी सड़कें और नालियां; CM Yogi की सीख से बदला विधायकों का निधि खर्च करने का अंदाज

By Surjeet Singh Edited By: Prateek Gupta
Published: Mon, 23 Nov 2026 11:52 PM (IST)

अलीगढ़ के विधायक अब स्वागत द्वारों के बजाय सड़क, नाली जैसे बुनियादी विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सलाह के बाद, इस वित्तीय वर्ष में किसी भी विधायक ने स्वागत द्वार का प्रस्ताव नहीं दिया है और 12 करोड़ के विकास कार्यों की तैयारी है।

सांकेतिक तस्वीर।

सांकेतिक तस्वीर।

सुरजीत पुंढ़ीर, अलीगढ़। सड़कों के किनारे स्वागत द्वार बनवाकर अपनी पहचान दर्ज कराने का दौर अब जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता से बाहर होता दिख रहा है। विधायक निधि से विकास कार्य कराने के लिए इस बार स्वागत द्वारों के बजाय सड़क, नाली व दूसरे बुनियादी निर्माण कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नसीहत के बाद जनप्रतिनिधियों के व्यवहार में यह बदलाव होता दिख रहा है।

अब जिले में अगले एक महीने में करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराने की तैयारी है। इसके लिए जिला ग्राम्य विकास अभिकरण (डीआरडीए) में 100 से अधिक प्रस्ताव पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसी भी जनप्रतिनिधि ने स्वागत द्वार बनवाने का प्रस्ताव नहीं दिया है।

जिले में सात विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, शहर और इगलास शामिल हैं। इसके अलावा जिले से जुड़े तीन विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) भी अपनी निधि से विकास कार्यों की संस्तुति करते हैं। विधायक व एमएलसी को हर साल पांच-पांच करोड़ रुपये की निधि मिलती है। यह धनराशि दो किस्तों में जारी होती है।

प्रत्येक किस्त 2.5 करोड़ रुपये की होती है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली किस्त मई में जारी हुई थी। हालांकि, कई जनप्रतिनिधि इस धनराशि का पूरा उपयोग नहीं कर सके थे। हाल ही में दूसरी किस्त भी जारी हो गई है। ऐसे में अब निधि से काम कराने की प्रक्रिया तेज हुई है। डीआरडीए में लगातार प्रस्ताव पहुंच रहे हैं। इनमें निर्माण कार्यों की संख्या अधिक है। अगले महीने तक करीब 12 करोड़ रुपये के काम कराने की तैयारी है।

100 से अधिक स्वागत द्वार पहले ही बन चुके

जिले में अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में सौ से अधिक स्वागत द्वार बनवाए जा चुके हैं। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर बने इन द्वारों के जरिये जनप्रतिनिधियों ने अपने नाम और राजनीतिक पहचान को भी जगह दी। हालांकि, इनके निर्माण को लेकर समय-समय पर सवाल भी उठते रहे हैं। स्थानीय जरूरतों के मुकाबले ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देने पर बहस होती रही है।

हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगढ़ दौरे के दौरान स्वागत द्वारों पर अधिक जोर देने के बजाय दूसरे जरूरी विकास कार्य कराने की सलाह दी थी। इसके बाद इस वित्तीय वर्ष में किसी भी जनप्रतिनिधि ने स्वागत द्वार का प्रस्ताव नहीं दिया है।

चुनाव से पहले दिखने वाले कामों पर नजर

विधानसभा चुनाव अगले वर्ष फरवरी-मार्च में प्रस्तावित हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों के कार्यकाल के अंतिम दौर में निधि खर्च करने की रफ्तार बढ़ना भी महत्वपूर्ण है। करीब डेढ़ से दो महीने के भीतर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की चुनौती है।

सड़क व नाली जैसे काम सीधे आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े हैं। ऐसे में इन पर बढ़ता जोर चुनाव से पहले विकास का संदेश देने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, प्रस्ताव भेजना व काम पूरा होना अलग-अलग चरण हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।