मंत्री संदीप सिंह की शादी में दादी रामवती देवी का उत्साह, पैतृक गांव में गीतों पर झूमीं दादी
बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ की शादी की रस्में पैतृक गांव मंढौली में चल रही हैं। इ

पारंपरिक रस्मों के बीच मौजूद रामवती देवी और नृत्य करती महिलाएं। वीडियो ग्रैब
HighLights
मंत्री संदीप सिंह और भाई सौरभ की शादी की रस्में शुरू।
89 वर्षीय दादी रामवती देवी ने महिला संगीत में भाग लिया।
गीतों की धुन पर खुशी से झूमती दिखीं रामवती देवी।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। उम्र के 89 पड़ाव पार कर चुकीं रामवती देवी के चेहरे पर मुस्कान और अपनों की खुशियों में शामिल होने का उत्साह देखते ही बन रहा है। शादी के मंगल गीत गूंजे तो वह भी खुद को रोक नहीं पाईं। कभी गीतों की धुन पर तालियां बजाईं तो कभी बीच-बीच में खुशी से झूम उठीं।
वक्त भले ही उम्र के कई पड़ाव पार करा चुका हो, लेकिन परिवार के उत्सव में शामिल होने की उमंग आज भी बरकरार है। घर में शादी की शहनाइयां बज रही हों, आंगन में मंगल गीत गूंज रहे हों और महिलाएं महिला संगीत में मगन हों तो दादी रामवती देवी की मौजूदगी ने इस खुशी को और खास बना दिया, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की पत्नी रामवती देवी के घर में इन दिनों शादी की खुशियां छाई हुई हैं। उनके नाती एवं प्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ की शादी की रस्में पैतृक गांव मंढौली स्थित आवास पर चल रही हैं।
घर में रिश्तेदारों और परिवार के लोगों का जमावड़ा है। महिला संगीत में रामवती देवी भी शामिल हुईं। परिवार की महिलाओं के बीच बैठकर उन्होंने शादी के पारंपरिक गीतों का आनंद लिया।
शादी की रस्मों की शुरुआत
बता दें कि मंत्री संदीप सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह वर्मा की शादी की रस्मों की शुरुआत उनके पैतृक गांव मढ़ौली में हो गई है। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीत गाए और नृत्य किया। महिलाओं ने ढोलक की थाप पर सोहर और मंगल गीत गाकर पारंपरिक रस्में निभाईं। इस दौरान बताशे और लड्डू बांटे गए तथा उपहार भी भेंट किए गए।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने बुजुर्गों से पारंपरिक रीति-रिवाजों को सहेजने को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शादी-ब्याह में निभाई जाने वाली पुरानी परंपराएं हमारी संस्कृति की असली पहचान हैं। इन्हें अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।