Lockdown 4 News: कूड़ामुक्त शहरों की सूची में अलीगढ़ शामिल, मिला वन स्टार Aligarh nigam
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्टार रेटिंग फॉर गार्बेज फ्री सिटी (कूड़ामुक्त शहर) को लेकर देशभर में हुए सर्वे में अलीगढ़ को वन स्टार मिला है। नगर निगम ने थ्री स्टार श्रेणी का दावा किया
अलीगढ़[जेएनएन]: स्वच्छ भारत मिशन के तहत 'स्टार रेटिंग फॉर गार्बेज फ्री सिटी (कूड़ामुक्त शहर) को लेकर देशभर में हुए सर्वे में अलीगढ़ को वन स्टार मिला है। नगर निगम ने थ्री स्टार श्रेणी का दावा किया था। उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ के साथ वन स्टार श्रेणी में लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, गजरौला व झांसी आए हैं।
12 बिंदुओं पर हुआ था सर्वे
शहरी विकास मंत्रालय ने 2019 में 12 बिंदुओं पर सर्वे कराया था। इनमें सूखे व गीले कूड़े की छंटनी, सफाई का तरीका, कूड़ा ट्रांसफर सेंटर, बल्क वेस्ट जेनरेशन कंपलाइंस, वैज्ञानिक तरीके से कचरे का निष्पादन, कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज, कूड़ा फेंकने पर फाइन की स्थिति, सिटीजन ग्रीवांस रिड्रेसल, डंप रेमेडिएशन, क्लीनिंग ऑफ स्ट्रोम ड्रेन, सरफेस वाटर बॉडीज आदि शामिल थे। नगर निगम ने डोर टू डोर कलेक्शन, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट, कूड़ा प्रबंधन, कार्रवाई, ओडीएफ आदि व्यवस्थाओं का हवाला देकर थ्री स्टार का दावा किया था। टीम ने यहां आकार दावों की हकीकत देखी। मंगलवार को सर्वे की रिपोर्ट घोषित की गई।
बड़े-बड़े शहर पिछड़े
सर्वे में आगरा, मेरठ, कानपुर, इलाहाबाद आदि बड़े-बड़े शहर पिछड़ गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि अलीगढ़ को वन स्टार मिलना भी बड़ी बात है। अब स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 के परिणाम का इंतजार है, जो लॉकडाउन के बाद जारी होगा।
ये है स्टार रेटिंग
सेवन स्टार रेटिंग के इस सर्वे में देश के छह शहर ही फाइव स्टार श्रेणी में शामिल हुए। 65 शहर थ्री स्टार व 70 शहरों को वन स्टार लेकर संतोष करना पड़ा। रेटिंग सर्वे से पता लगाया कि किस शहर में इन्फ्रास्ट्रक्चर की क्या स्थिति है।
कठिन हालात में बेहतर काम किया
नगर आयुक्त सत्यप्रकाश पटेल का कहना है कि अलीगढ़ पहले से बेहतर स्थिति में है। थ्री स्टार का दावा किया था, वन स्टार ही मिल सका। कोरोनावायरस को लेकर चल रहे लॉकडाउन को लेकर कठिन परिस्थितियों में बेहतर काम किया गया। ये बड़ी बात है।