राजकीय सम्मान के साथ होगी गोपालदास नीरज की अंतिम विदाई
पद्मभूषण महाकवि गोपालदास नीरज को शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
अलीगढ़ (जेएनएन)। पद्मभूषण महाकवि गोपालदास नीरज को शनिवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। शनिवार सुबह पांच बजे उनका शव दिल्ली से एंबुलेंस में पहले आगरा में बेटे के आवास पर जाएगा। वहां से करीब दस बजे अलीगढ़ रवाना होगा। यहां पीएसी के बैंड के साथ शवयात्रा निकाली जाएगी।
गीतों के राजकुमार कहे जाने वाले नीरज (93) का शुक्रवार शाम 7:24 बजे दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में दिल का दौड़ा पडऩे से निधन हो गया था। वह कई दिन से गंभीर संक्रमण की चपेट में थे। उन्हें बुधवार रात गंभीर हालत में आगरा से एम्स रेफर किया गया था। शव को एम्स में ही रखा गया है। नीरज का नाती लवी पुत्र मिलन प्रभात अमेरिका में रहता है। उसका इंतजार किया जा रहा है। परिवार के सभी सदस्यों की मौजूदगी में शव को वाहन में जनता दर्शन के लिए सुबह पांच बजे आगरा में उनके बेटे शशांक प्रभाकर के बल्केश्वर स्थित आवास पर ले जाया जाएगा। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाना है, इसलिए अलीगढ़ से एक मजिस्ट्रेट को पुलिस के साथ प्रोटोकोल के तहत दिल्ली भेजा गया है। एसडीएम इगलास को यह जिम्मेदारी दी गई है। अलीगढ़ सीएमओ की ओर से शव वाहन भेजा गया है। आगरा से सुबह दस बजे के बाद शव अलीगढ़ रवाना होगा। आगरा रोड पर बाईपास के पास से ही शवयात्रा शुरू हो जाएगी। शव को तिरंगे में लपेटकर खुले वाहन में रखा जाएगा। इसमें पीएसी का बैंड भी शामिल होगा। शवयात्रा जनकपुरी स्थित उनके आवास पर पहुंचेगी। शवयात्रा में नीरज के ही गीतों को सुनाया जाएगा। यहां शव को जनता दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद ही जेएन मेडिकल कॉलेज को सौंपा जाएगा। नीरज ने देहदान का एलान किया था।