शाही सगाई...कैलाश खेर के गीत और थाईलैंड के फूल, CM से लेकर देश के कई VVIP देंगे संदीप और मेघना को आर्शीवाद
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और उनके भाई सौरभ सिंह की सगाई अलीगढ़ में भव्य समारोह के साथ हो रही ...और पढ़ें
-1794578756013_m.webp)
शुक्रवार रात में पंडाल की सजावट को अंतिम रूप देते कारीगर।
सुरजीत पुंढ़ीर, अलीगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के परिवार में शनिवार को भव्य मांगलिक समारोह होने जा रहा है। बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह व उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई व रिंग सेरेमनी में प्रदेश व देश की राजनीति के दिग्गज जुटेंगे। तालानगरी में रामघाट कल्याण मार्ग स्थित संत फिदेलिस स्कूल के बराबर मैदान में आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
करीब 100 बीघा क्षेत्र में सजे पंडाल में डेढ़ लाख लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है। अतिथियों के ठहरने के लिए शहर के कई होटलों में कमरे आरक्षित कराए गए हैं। कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आंनदीबेन पटेल समेत एक हजार से अधिक वीवीआइपी व बड़ी संख्या में आमंत्रित लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
संदीप सिंह की सगाई उनकी स्कूल की दोस्त मेघना चौधरी के साथ होगी। दोनों की पहली मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। मेघना का परिवार मूल रूप से जिले के गौंड़ा क्षेत्र का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद में रहता है। इसी दिन संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की अंतरा त्यागी के साथ सगाई व रिंग सेरेमनी होगी।
परिवार में एक ही दिन दो मांगलिक आयोजन होने से समारोह का दायरा काफी बड़ा रखा गया है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मेरठ से राजकीय हेलीकाप्टर से दोपहर 2:55 बजे तालानगरी स्थित हेरिटेज इंटरनेशनल स्कूल के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से कार द्वारा कार्यक्रम स्थल जाएंगे और 3:05 से 3:25 बजे तक समारोह में शामिल होंगे।
इसके बाद 3:30 बजे हेलीपैड पहुंचकर 3:35 बजे आगरा के लिए रवाना हो जाएंगे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के भी पहुंचने की संभावना है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक दोपहर 12:15 बजे समारोह में पहुंचेंगे। इसके बाद सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। केशव प्रसाद मौर्य विभागीय अधिकारियों व ब्रजेश पाठक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
अंडमान-निकोबार के उप राज्यपाल डा. दिनेश शर्मा सुबह 10:30 बजे अलीगढ़ पहुंचेंगे। वे टीकाराम कालोनी में एसजेडी मेमोरियल स्कूल में आयोजित जलवायु परिवर्तन संवाद में शामिल होकर सगाई समारोह में पहुंचेंगे। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री दोपहर साढ़े तीन बजे सगाई समारोह में शामिल होने आएंगे। पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के मंत्री जयवीर सिंह दोपहर साढ़े तीन बजे कार्यक्रम में शामिल होने आएंगे।
श्रम एवं सेवायोजन विभाग के राज्यमंत्री मनोहर लाल जी (मन्नू कोरी) दोपहर चार बजे शादी समारोह में शामिल होंगे। यूपीआरएनएसएस के सभापति प्रेम सिंह शाक्य दोपहर ढाई बजे कार्यक्रम में पहुुचेंगे। उत्तर शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी शाम बजे कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलीगढ़ पहुंचेंगी। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी माैर्य शाम बजे आएंगी।
500 से अधिक गांवों में भेजा निमंत्रण
छर्रा व अतरौली क्षेत्र समेत जिले के 500 से अधिक गांवों के लोगों को निमंत्रण दिया गया है। करीब 100 बीघा में तैयार पंडाल में अतिथियों के बैठने, भोजन व आवागमन की व्यवस्था की गई है। 60 तरह के व्यंजन की व्यवस्था की गई है। पार्किंग के लिए भी कई स्थान निर्धारित किए गए हैं।
शहर की ओर से आने वाले लोगों के लिए कलश बैंक्वेट हाल के सामने पार्किंग रहेगी, जबकि अतरौली की ओर से आने वाले वाहनों को ट्राइडेंट स्कूल, दीनदयाल उपाध्याय स्कूल सहित अन्य निर्धारित स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। वीवीआइपी पासधारकों के वाहनों की पार्किंग कार्यक्रम स्थल के अंदर होगी।
करीब 40 बीघा में पार्किंग स्थल बनाया गया है। कार्यक्रम में प्रवेश और निकास के लिए पांच द्वार बनाए गए हैं। परिसर में वीवीआइपी, वीआइपी व सामान्य लोगों के लिए अलग व्यवस्था है।
700 पुलिसकर्मियों के हाथ में सुरक्षा की कमान
बड़ी संख्या में वीवीआइपी और आमंत्रित लोगों की मौजूदगी को देखते हुए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों को भी दूसरे जिलों से बुलाया गया है। गुरुवार को डीएम अविनाश कुमार व एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने शुक्रवार को पुलिस, प्रशासनिक व संबंधित विभागों के अधिकारियों की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। सभी की ड्यूटी सुबह आठ बजे से शुरू होगी। सेफ हाउस व सेफ हास्पिटल में भी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है।
26 नवंबर को दिल्ली में विवाह
सगाई के बाद संदीप सिंह व मेघना चौधरी का विवाह 26 नवंबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित है। 27 नवंबर को इसी स्थल पर रिसेप्शन होगा। परिवार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह व गृहमंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण दिया गया है।
समारोह की खास व्यवस्थाएं
- वीआइपी व वीवीआइपी मेहमानों के लिए सड़क की ओर से अलग-अलग प्रवेश द्वार निर्धारित किए गए हैं।
- आम मेहमानों के लिए मैदान के दायीं ओर निचले हिस्से में जनरल पब्लिक एरिया बनाया गया है, जहां गोल मेज-कुर्सियों की व्यवस्था रहेगी।
- आमंत्रित लोगों के भोजन के लिए किनारों पर लंबे फूड काउंटर व स्टाल लगाए जाएंगे, जबकि नीचे की ओर छह से सात काउंटर प्रस्तावित हैं।
- मुख्य मंच व मंडप के सामने बुफे गैलरी बनाई जाएगी, वहीं आसपास मेहमानों की आवाजाही के लिए खुला स्थान छोड़ा गया है।
- आयोजन स्थल पर सड़क की ओर चार से पांच प्रवेश द्वार होंगे, जिनमें वीआइपी, वीवीआइपी व सामान्य मेहमानों के लिए अलग-अलग गेट रखे गए हैं।
- परिसर के अंदर भी वीआइपी व सामान्य अतिथियों के क्षेत्रों को दीवार या बैरिकेडिंग से अलग किया गया है।
- सजावट में थाईलैंड के आर्किड, नीदरलैंड के ट्यूलिप, लिली समेत विदेशी फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
- समारोह के मुख्य आकर्षक मशहूर गायक कैलाश खेर की प्रस्तुति होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।