विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 06, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

अलीगढ़ में पशु व्यापारी का शव रख लगाया जाम, पांच घंटे हंगामा

By JagranEdited By:
Published: Sat, 06 Nov 2021 07:30 PM (IST)

मैरिस रोड चौराहे पर गोली मारकर हत्या करने का आरोपित कार सवार गिरफ्तार आरोपित को भेजा जेल पत्नी समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

अलीगढ़ में पशु व्यापारी का शव रख लगाया जाम, पांच घंटे हंगामा
अलीगढ़ में पशु व्यापारी का शव रख लगाया जाम, पांच घंटे हंगामा

जासं, अलीगढ़ : मैरिस रोड चौराहे पर रोडरेज के विवाद में पशु व्यापारी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार समेत एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित नशे में था। इससे लाइसेंसी पिस्टल भी मिली है। घटना के विरोध में शनिवार सुबह लोगों ने पहले ख्वाजा चौक, फिर हड्डी गोदाम चौराहे पर शव रखकर जाम लगाया। 50 लाख का मुआवजा, आरोपित पर एनएसए की कार्रवाई व फांसी की सजा दिलाने मांग के साथ लोग डीएम-एसएसपी को मौके पर बुलाने पर अड़े थे। पुलिस प्रशासन ने समझाकर लोगों को शांत किया। करीब पांच घंटे तक चले हंगामे के बाद शव को सिपुर्द-ए-खाक किया गया।

देहलीगेट क्षेत्र के ख्वाजा चौक सराय मियां पशु व्यापारी कमाल शुक्रवार रात तीन साल के बेटे अबुजार व पड़ोस में रहने वाले 10 वर्षीय राशिद के साथ कार से शहर में घूमने के लिए निकले थे। मैरिस रोड चौराहे से अब्दुल्ला स्कूल को जाने वाले रास्ते के किनारे पर आल्टो कार से रोडरेज को लेकर विवाद हुआ। आल्टो सवार युवक ने व्यापारी को कार का दरवाजा खोलकर लाइसेंसी पिस्टल से तीन गोलियां मारीं और फरार हो गया। दो गोली बाजू वएक गोली सीने में लगी। जेएन मेडिकल कालेज में व्यापारी की मौत हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित अतरौली के गांव मढ़ौली निवासी विनीत को रामघाट रोड पर 38वीं वाहिनी पीएसी के पास से कार समेत गिरफ्तार कर लिया। कमाल के पिता हनीफ ने देररात कमाल की पत्नी फराना, साले कदीर, शकील, वसीम, सलीम, मुस्तकीम, रकीम, नईम, कलीम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। ससुरालियों पर आरोप है कि पांच दिन पहले कमाल व उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। कमाल के साले व पत्नी ने जान से मारने की धमकी दी थी।

रात में थाने पर हंगामा,

सुबह पांच घंटे धरना

शुक्रवार रात आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोग मेडिकल कालेज पर इकट्ठे हो गए। पोस्टमार्टम हाउस पर शव ले जाने के दौरान एंबुलेंस के सामने लेट गए। पुलिस ने इन्हें समझाया। इसके बाद तहरीर के लिए थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद कमाल का शव शनिवार सुबह 10 बजे उनके घर पहुंचा। शव आते ही महिलाएं देहलीगेट क्षेत्र स्थित ख्वाजा चौक पर धरने पर बैठ गईं और जाम लगा दिया। यहां महापौर मोहम्मद फुरकान, पूर्व विधायक जफर आलम, पूर्व विधायक जमीरउल्लाह, बसपा नेत्री रजिया खान, समाजसेवी हाजी जहीर आदि पहुंच गए। लोगों को समझाने के लिए एसडीएम कोल संजीव ओझा, सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह, सीओ द्वितीय मोहसिन खान, सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय भी मौजूद थे। करीब डेढ़ घंटे बाद जैसे-तैसे लोगों को समझाया गया। इसके बाद शव ले जाते समय लोग कुछ दूरी पर हड्डी गोदाम पर इकट्ठे हो गए। यहां शव रखकर फिर जाम लगा दिया। हंगामा बढ़ता देख एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत भी पहुंच गए। उन्होंने मागों को पूरा कराने का आश्वासन देकर लोगों को समझाकर हटाया। करीब ढाई बजे शव को उठाया गया और सिपुर्द-ए-खाक किया गया। इसके बाद भी आधा घंटे महिलाएं धरने पर बैठी रहीं। यहां कानून व्यवस्था संभालने के लिए सीओ इगलास अशोक कुमार व कई थानों की पुलिस बुलानी पड़ी।

.........

2010 से है आरोपित पर लाइसेंसी पिस्टल

आरोपित प्रापर्टी डीलर है और वर्तमान में क्वार्सी चौराहे के पास रहता है। उसके पास 2010 का पिस्टल का लाइसेंस है। पुलिस से पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह रात में नशे में था। दोदपुर में खाना खाने जा रहा था, तभी पत्नी के फोन आने पर घर लौटने लगा। मैरिस रोड पर व्यापारी की कार से टक्कर हो गई। आरोपित का कहना है कि कमाल ने उन्हें गाली गलौज की। इससे उसने आपा खो दिया और गोली मारकर भाग गया। इससे पहले आरोपित का स्कूटी सवार से झगड़ा भी हुआ था। लेकिन, वह पिस्टल देखकर डर गया था।

...........

200 से अधिक लाइसेंस निरस्त

पिछले सात माह में एसएसपी ने कोई भी नया लाइसेंस स्वीकृत नहीं किया है। शौकिया रूप से शस्त्र रखने वालों पर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने आपरेशन निहत्था के तहत शिकंजा कसा है। एसएसपी ने बताया कि अधिकांश हत्या व आत्महत्या की घटनाओं में लाइसेंसी हथियार का प्रयोग किया गया है। इसे देखते हुए लाइसेंस नियमों का उल्लंघन करने वाले 200 से अधिक लोगों के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं। इतने ही लोग चिह्नित किए गए हैं। एसएसपी ने कहा कि शौकिया तौर पर लाइसेंस न रखें। वास्तविकता को ध्यान में रखकर ही आवेदन ही करें।

.........

लगा कि दीपावली के पटाखों का शोर है

मैरिस रोड चौराहे पर पान की दुकान चलाने वाले फैजान अली इस घटना के वक्त दुकान पर थे। उन्होंने बताया कि दुकान पर तीन ग्राहक थे। वे पान लगा रहे थे, तभी सामने एक वीट कार आकर रुकी। दूसरी तरफ आल्टो कार थी। दोनों कारें अलग-अलग साइड में थी। अचानक कोई विवाद हुआ और आल्टो कार सवार ने गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर लगा कि पटाखों का शोर है। जब व्यापारी ने शोर मचाया है कि मुझे बचाओ, तब घटना का पता चला। आरोपित कार लेकर भाग गया। इसके बाद एंबुलेंस से व्यापारी को अस्पताल पहुंचाया गया।

......

मैरिस रोड चौराहे पर रोडरेज में एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसमें छह टीमें लगाई गईं। रात में ही आरोपित को दबोच लिया गया। उसने जुर्म स्वीकार किया है। आरोपित से लाइसेंसी पिस्टल व कार बरामद की गई है। शनिवार को उसे जेल भेज दिया है। व्यापारी के स्वजन ने उसके ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपित का ससुरालियों से कनेक्शन भी तलाशा जा रहा है। अभी तक की जांच में कोई कनेक्शन सामने नहीं आया है। विवेचना जारी है।

कलानिधि नैथानी, एसएसपी