महंत नृत्यगोपाल दास के संपर्क में आए उद्योगपति क्वारंटाइन Aligarh News
महंत नृत्यगोपाल दास के साथ तीन दिन तक अयोध्या में साथ रहने वाले अलीगढ़ के उद्योगपति सतीश गौड़ इंडस्ट्रीज एस्टेट स्थित फैक्ट्री के अपने गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन हैं।
अलीगढ़ जेएनएन : राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के साथ तीन दिन तक अयोध्या में साथ रहने वाले अलीगढ़ के उद्योगपति सतीश गौड़ इंडस्ट्रीज एस्टेट स्थित फैक्ट्री के अपने गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन हैं। शुक्रवार सुबह उनकी मेदांता में भर्ती महंत नृत्यगोपाल दास से मोबाइल पर बातचीत भी हुई। उद्योगपति का कहना है कि महंत जी ठीक हैं और स्टेबल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मउत्सव में भाग लेने उनके आध्यात्मिक गुरु का अलीगढ़ आने का कार्यक्रम भी था। भीड़ के डर से कार्यक्रम उसी रात को रद कर दिया था।
फैक्ट्री के गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन
अयोध्या में पांच अगस्त को भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन हुआ था। उस कार्यक्रम में अलीगढ़ के उद्योगपति और निर्यातक सतीश गौड़ भी शामिल हुए थे। वह एक दिन पहले ही अयोध्या पहुंच गए थे। वे महंत की कार में पीएम के मंच तक साथ गए थे। अतिथियों को दिए जाने वाली रामदरबार की प्रतिमा महंत नृत्यगोपाल दास को सुपुर्द की थीं। छह अगस्त को महंत से विदाई के दौरान अयोध्या से प्रसाद के डिब्बे भी अलीगढ़ के लिए दिए गए। सतीश गौड़ ने बताया कि डॉक्टरों की सलाह पर वे फैक्ट्री के गेस्ट हाउस में क्वारंटाइन हो गए। आठ दिन से फैक्ट्री के गेस्ट हाउस में ही हैं। बिल्कुल स्वस्थ हैं।