अलीगढ़ में 'कमल ज्योति' से घर-घर में ऐसे जलाएंगे भाजपाई दीप, बनाई रणनीति
भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत 150 कार्यक्रमों का खाका तैयार किया है। सबसे बड़ा कार्यक्रम 26 जनवरी को कमल ज्योति होगा।
अलीगढ़ (जेएनएन)। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव को लेकर कमर कसना शुरू कर दिया है। इसके तहत 150 कार्यक्रमों का खाका तैयार किया है। सबसे बड़ा कार्यक्रम 26 जनवरी को 'कमल ज्योति' होगा। बूथ स्तर तक कार्यकर्ता शहर की बस्तियों व गांवों में दीपोत्सव मनाएंगे। इसके जरिये पार्टी बूथ तक हर वर्ग को जोडऩे की कोशिश करेगी।
26 जनवरी को होगा मुख्य कार्यक्रम
भाजपा की लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर लखनऊ में हुई बैठक में हर क्षेत्र से पांच-पांच पदाधिकारी गए थे। 26 जनवरी को ' कमल ज्योति ' पर फोकस करने पर जोर दिया गया। यह जिले के 2200 बूथों पर एकसाथ मनाया जाएगा। कार्यकर्ता घर-घर जाकर दीपक जलाएंगे और पार्टी का चुनाव चिह्न कमल देंगे। नीतियों व योजनाओं को बताएंगे।
अमित शाह ने हर बूथ को भाजपामय बनाने के दिए निर्देश
पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने हर बूथ को भाजपामय बनाने को कहा है। लोकसभा चुनाव तक कुल 150 कार्यक्रम तय हुए हैं। ये नवंबर से शुरू होंगे। इसमें युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग समेत अन्य सामाजिक संगठनों के सम्मेलन भी होंगे।
150 किलोमीटर की भाजपाई करेंगे पदयात्रा
150 किमी की पदयात्रा सातों विधानसभा क्षेत्रों में अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में शुरू होगी। हर दिन 10 किमी चलकर इसे 15 दिन में पूरी करेंगे। 27, 28 व 29 अक्टूबर को बूथ चलो अभियान पूरा करेगी। इसके तहत बूथ स्तर की सभी कमेटियों का काम पूरा करेंगे।
'कमल ज्योति' पर रहेगा जोर
भाजपा के महानगर अध्यक्ष डॉ. विवेक सारस्वत का कहना है कि पांच बड़े कार्यक्रम शीघ्र ही शुरू हो जाएंगे। सबसे ज्यादा फोकस कमल ज्योति अभियान पर रहेगा। इसके लिए अभी तैयारियां कर ली गई हैं।