Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

अलीगढ़ में दवा लेने के बहाने डाक्टर के घर में घुसे बदमाश, फायरिग

जवां थाना क्षेत्र की रियाज कालोनी में शुक्रवार रात को दवा लेने के बहाने कुछ बदमाश डाक्टर के घर में घुस गए।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 28 Jan 2022 11:59 PM (IST)
Hero Image
अलीगढ़ में दवा लेने के बहाने डाक्टर के घर में घुसे बदमाश, फायरिग

संसू, अलीगढ़: जवां थाना क्षेत्र की रियाज कालोनी में शुक्रवार रात को दवा लेने के बहाने कुछ लोग एक डाक्टर के घर में घुस गए। डाक्टर दवा देने में व्यस्त हो गए। इतने में ही बदमाशों ने तमंचा तान दिया। इस पर डाक्टर सूझबूझ व हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से भिड़ गए। शोर मचाया तो उनके भाई भी बाहर आ गए। इस पर आरोपित फायरिग करते हुए फरार हो गए। देररात तक पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।

रियाज कालोनी निवासी डा. फहद का घर में ही क्लीनिक है। डा. फहद तिबिया कालेज में असिस्टेंट हकीम भी हैं। फहद ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे क्लीनिक बंद करके घर में चले गए थे। करीब पौने 10 बजे दो लोगों ने दरवाजा खटखटाया। डाक्टर ने गेट खोला। एक व्यक्ति ने पेट दर्द बताते हुए दवा देने को कहा। डाक्टर ने पूछा कि कहां से आए हो? तो लोगों ने बताया कि मौलाना आजाद नगर से आए हैं। इस पर डाक्टर ने इतनी दूर से आने का कारण भी पूछा तो आरोपितों ने कहा कि इलाके में उनका काम चल रहा है। घर के अंदर वाले क्लीनिक के दरवाजे को खोलकर डाक्टर ने दवा निकालनी शुरू की। इसी बीच आरोपितों ने अन्य लोगों को इशारा कर दिया। तीन लोग और आ गए, जिनमें से एक ने डाक्टर के मुंह के सामने तमंचा तान दिया। बदमाश कुछ बोल पाते, इससे पहले ही डा. फहद तमंचा हटाते हुए बदमाशों से भिड़ गए। लात-घूंसे चलाए। गुत्थमगुत्था हुई, जिसमें डाक्टर को चोट भी पहुंची। शोर सुनकर डाक्टर के भाई अफ्फान भी आ गए। आरोपितों ने अफ्फान की तरफ फायर भी किया। दो फायर करके आरोपित भाग गए। थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।