कांग्रेस की नैया बीच मझदार, कैसे लगेगी पार
कांग्रेस की नजर आगामी पंचायत चुनाव के साथ विधानसभा चुनावों पर भी है।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़: कांग्रेस की नजर आगामी पंचायत चुनाव के साथ विधानसभा चुनावों पर भी है, मगर अभी संगठन ही खड़ा नहीं हो पाया है। करीब छह माह पूर्व जिला व महानगर की बागडोर नए कंधों पर सौंप दी गई। पार्टी में जान आई। कार्यकर्ताओं में जोश भी दिखा, फिर भी बूथ, ब्लॉक व विधानसभा क्षेत्र की कमेटियां नहीं बन पाईं। सक्रिय व निष्ठावान कार्यकर्ताओं को तलाशने में पार्टी नेताओं के पसीने छूट रहे हैं। वहीं, गुटबाजी को हवा देने वाले भी बहुत हैं। हालांकि, स्थानीय नेताओं ने हाईकमान को आश्वस्त कर रखा है कि जल्द ही बूथों पर कमेटियां बना दी जाएंगी।
हाईकमान ने करीब छह माह पूर्व जिला व महानगर कमेटियों के अध्यक्ष बनाए। तभी साफ संकेत दे दिया था कि अब बूथों पर काम होना है। बूथ अध्यक्ष पद के लिए तीन-तीन संभावितों के नाम भी मांगे गए। अफसोस, अब तक काम पूरा नहीं हो पाया है। जिला प्रभारी मुकेश धनगर व अन्य नेता खुद यहां डेरा जमा हुए हैं। काम ज्यादा है और समय कम। इसलिए एक साथ 10-10 बूथों की समीक्षा बैठक करनी पड़ रही है। ब्लॉक व विधानसभा स्तरीय कमेटियों पर काम शुरू नहीं हो पाया। नेताओं ने ब्लॉकवार तीन-चार गांवों में बैठक आयोजित कर इतिश्री कर ली। गुटबाजी से बंटाधार
जिले के ही दो वरिष्ठ नेताओं और उनके समर्थकों के बीच गुटबाजी किसी से छुपी नहीं है। पार्टी के बड़े-बड़े नेता यहां आए, मगर गुटबाजी को खत्म नहीं कर पाए।
पंचायत चुनाव तय करेंगे दिशा
विधासभा चुनावों से पहले पंचायत चुनाव होने हैं। राहुल गांधी व प्रियंका गांधी विगत कुछ माह में कांग्रेसियों के भीतर उत्साह का संचार करने में सफल हुए हैं, मगर इसका असर आम कांग्रेसी व समर्थकों पर होना जरूरी है। इसके लिए कांग्रेसियों को और मेहनत करनी होगी। पंचायत चुनाव को सेमीफाइनल मानकर लड़ना होगा।
पंचायत चुनाव के लिए पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता तैयार है। इस बार नतीजे चौकाएंगे। जनता के सामने भाजपा की कलई खुल चुकी है। किसान बर्बाद हो चुके हैं। हम गांव-गांव जाकर किसानों को सरकार की गलत नीतियों से अवगत करा रहे हैं।
- चौ. सुरेंद्र सिंह बालियान, कांग्रेस जिलाध्यक्ष
बूथ कमेटियों के पुनर्गठन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। जल्द ही हाईकमान को प्रत्येक बूथ से तीन-तीन नामों का पैनल बनाकर भेज दिया जाएगा। विगत कुछ माह में बूथों पर काफी काम हुआ है। इसके नतीजे भी दिखेंगे।
- परवेज अहमद, कांग्रसे महानगर अध्यक्ष।