बारिश से मकान गिरा, मलबे में दबकर वृद्व की मौत Aligarh news
गांव खेड़ा बुजुर्ग निवासी 60 वर्षीय महेंद्र प्रताप सिंह का गांव के बाहर आबादी क्षेत्र से बाहर खेत के सहारे मकान बना हुआ है। खेत में ढ़लान होने के चलते बारिश का पानी मकान के सहारे इकट्ठा होता रहता है। सोमवार को इलाके में जोरदार बारिश हुई।
अलीगढ़, जेएनएन। थाना गोधा क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग में सोमवार को बारिश के चलते मकान गिरने से मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल होने पर जेएन मेडिकल कालेज में देर रात वृद्व की मौत हो गई।
खेत के सहारे बना है मकान
गांव खेड़ा बुजुर्ग निवासी 60 वर्षीय महेंद्र प्रताप सिंह का गांव के बाहर आबादी क्षेत्र से बाहर खेत के सहारे मकान बना हुआ है। खेत में ढ़लान होने के चलते बारिश का पानी मकान के सहारे इकट्ठा होता रहता है। सोमवार को इलाके में जोरदार बारिश हुई। इससे पानी मकान में जा घुसा। इससे मकान दोपहर करीब तीन बजे भरभरा कर ढ़ह गया। गनीमत रही कि हादसे के वक्त महेंद्र प्रताप सिंह घर में अकेले थे। मलबे में दबकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे को हटाकर उन्हें बाहर निकाला गया। वृद्व को जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उन्होंने देर रात दम तोड़ दिया। वृद्व तीन बच्चों के पिता थे। गोधा इंस्पेक्टर रामसिया मौर्य ने बताया कि तहसील प्रशासन ने हुए नुकसान का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट दे दी है।