Move to Jagran APP

Smart City Aligarh: एक ऐसा हाईवे जहां हररोज रहता है जलभराव, अफसरों के दावे फाइलों तक सीमित

शहर को स्मार्ट बनाने के दावे कर रहे सरकारी महकमे अलीगढ़-आगरा हाईवे के एक हिस्से को जलभराव की समस्या से मुक्त नहीं कर पा रहे। यहां बिना बरसात ही जलभराव होता है। अफसरों के दावे फाइलों तक सीमित हैं।

By Sandeep Kumar SaxenaEdited By: Published: Wed, 30 Nov 2022 02:40 PM (IST)Updated: Wed, 30 Nov 2022 02:40 PM (IST)
Smart City Aligarh: एक ऐसा हाईवे जहां हररोज रहता है जलभराव, अफसरों के दावे फाइलों तक सीमित
अलीगढ़-आगरा हाईवे के एक हिस्से को जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

अलीगढ़, संदीप सक्‍सेना। शहर को स्मार्ट बनाने के दावे कर रहे सरकारी महकमे अलीगढ़-आगरा हाईवे के एक हिस्से को जलभराव की समस्या से मुक्त नहीं कर पा रहे। यहां बिना बरसात ही जलभराव होता है। एनएचएआइ ने नाला तो बना दिया पर, आबादी वाले क्षेत्रों में जलनिकासी के कोई ठोस प्रबंध न हो सके हैं। स्मार्ट सिटी के तहत पाइप लाइन बिछाकर जलनिकासी के रास्ते तलाशे गए, ये काम भी अभी शुरू नहीं हो सका है।

loksabha election banner

Smart City Aligarh में आगरा रोड पर समस्‍याएं

जलभराव के चलते राहगीर हर रोज परेशानी झेलते हैं। ‘आवाज वार्ड की’ कार्यक्रम के तहत दैनिक जागरण की टीम ने नगर निगम में शामिल हुए इस क्षेत्र को दौरा कर समस्याएं देखीं। राहगीरों की पीड़ा भी महसूस की।सासनीगेट चौराहे से हाईवे शुरू हो जाता है। इस हाईवे पर वाहन फर्राटा भरते हैं। अतिक्रमण, जाम जैसी कोई समस्या नहीं है। 35 लाख खर्च कर नगर निगम ने स्ट्रीट लाइट भी लगवा दी हैं। पर, एक किमी आगे पहुंचते ही समस्याएं शुरू हो जाती हैं।

जलभराव से हो रही परेशानी

सराय बुर्ज, पंचनगरी, हरनारायण की सराय आदि क्षेत्रों का पानी यहीं जमा होता है। वाहनों के पहिए थम जाते हैं। कोई बड़ा वाहन निकले तो जाम की स्थिति बन जाती है। शेखर सर्राफ मेमोरियल हास्पिटल तो है ही, सामने दो पेट्रोल पंप भी हैं, जहां गाड़ियों की लंबी लाइन लगी होती है। मरीज और तीमारदारों का आना-जाना भी लगा रहता है। जलभराव के चलते काफी परेशानी होती है।

कानपुर गाजियाबाद फ्लाईओवर के नजदीक में जलभराव

हास्पिटल से आगे बढ़ेंगे तो फ्लाईओवर के पहले भी जलभराव से जूझना पड़ेगा। एक सर्विस रोड भी बदहाल है। इस समस्या को लेकर कई बार विरोध हो चुका है। जिला प्रशासन, नगर निगम, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पर भी सवाल खड़े किए गए। पर, समाधान नहीं हो सका। मंगलवार को भी यहां जलभराव के हालात थे। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में हालात और बिगड़ जाते हैं। आठ-दस दिन पानी उतरता ही नहीं। जलभराव के चलते पेट्रोल पंप स्वामियों से पंप का फर्श ऊंचा करा लिया है।

अफसर मौन, जनप्रतिनिधियों ने मूंद ली आंखें

ऐसा नहीं कि अधिकारी इस समस्या से अंजान हैं। कभी-कभार वे भी इसी मार्ग से गुजरते हैं पर, समस्या का समाधान करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा पा रहे। जनप्रतिनिधि भी आंखें मूंदे हुए हैं। सत्ताधारी सांसद, सात विधायक, दो एमएलसी भी विकराल होती जा रही इस समस्या का निदान नहीं करा पा रहे।

छह करोड़ से मिलेगी निजात

हाईवे पर जलभराव से निजात दिलाने के स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। जीएम जल अनवर ख्वाजा ने बताया कि छह करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार किया गया है। सराय बुर्ज मोड़ पर संपवेल का निर्माण किया गया है। ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। 300 एमएम डायमीटर की लगभग 350 मीटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसकी मदद से अलीगढ़ ड्रेन में पानी छोड़ा जाएगा। मार्च, 2023 तक कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो सका है। प्रशासनिक अधिकारी हर बार इससे निजात दिलाने के दावे करते हैं पर, होता कुछ नहीं है।

योगेश, सराय हरनारायण

काफी परेशानी होती है। हाईवे के एक ही हिस्से में जलभराव की समस्या है, इसका भी समाधान नहीं हो पा रहा।

रवि शर्मा, सराय हरनारायण

अधिकारियों को लोगों की समस्या देखनी, समझनी चाहिए। इतने साल हो गए, जलभराव की समस्या बनी हुई है।

कुलदीप चौहान, राम विहार

आगरा रोड पर रूसा हास्पिटल से लेकर फ्लाईओवर तक अक्सर जलभराव रहता है। गंदा पानी होने के कारण कपड़े भी खराब हो जाते हैं। बरसात के दिनों में तो निकलना मुश्किल हो जाता है।

अमन माहेश्वरी, जयगंज

आगरा रोड पर यह समस्या काफी पुरानी हो चुकी है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इस मार्ग पर गुजरते हैं। उन्हें भी इस समस्या पर ध्यान देकर जल्द समाधान कराना चाहिए।

शाहरुख खान, रसलगंज


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.