राज्यपाल कल्याण सिंह का जन्मदिन आज, लखनऊ पहुंचे दिग्गज नेता
राजस्थान के राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पांच जनवरी को जन्मदिन पर तमाम नेता उन्हें बधाई देने के लिए लखनऊ पहुंचने लगे हैं।
अलीगढ़ (जेएनएन)। राजस्थान के राज्यपाल व पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पांच जनवरी को जन्मदिन पर तमाम नेता उन्हें बधाई देने के लिए लखनऊ पहुंचने लगे हैं। लोकसभा चुनाव नजदीक होने से सियासी गर्माहट भी है। चर्चा है कि बधाई के बहाने कई ऐसे चेहरे लखनऊ पहुंच रहे हैं, जो लोकसभा चुनाव की दावेदारी की तैयारी में हैं। उन्हें विश्वास है कि बाबूजी का आशीर्वाद मिल गया तो रास्ता आसान हो जाएगा।
लखनऊ में ही मनाते हैं जन्मदिवस
कल्याण सिंह अपना जन्मदिन लखनऊ में ही मनाते हैं। मॉल एवेन्यू स्थित आवास पर शुक्रवार शाम को ही भाजपा के कई नेता पहुंच गए थे। ठा. श्यौराज सिंह शाम चार बजे पहुंचे थे। कोल विधायक अनिल पाराशर, छर्रा विधायक रवेंद्र पाल सिंह, खैर विधायक अनूप वाल्मीकि भी शाम को लखनऊ में थे। ये सब शनिवार को बधाई देने जाएंगे। हाथरस सीट से दावेदारी कर रहे लोग भी पहुंचने लगे हैैं।
यह भी पहुंच सकते हैं लखनऊ
राज्य महिला आयोग की सदस्य रामसखी कठेरिया, मंजू दिलेर के भी पहुंचने की संभावना है। बुलंदशहर सांसद भोला सिंह, फर्रुखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत भी लखनऊ पहुंचकर आशीर्वाद लेंगे। कासगंज, एटा, बुलंदशहर, फर्रुखाबाद समेत आधा दर्जन जिलों से नेताओं के पहुंचने की संभावना है। राष्ट्रीय कार्यालय सचिव आरपी सिंह, सुशील मित्तल भी शनिवार को आशीर्वाद लेने जाएंगे।
पूर्व जिलाध्यक्ष बांटेंगे मिठाई
भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष यतिन दीक्षित शनिवार को बाबूजी के जन्मदिन पर सुबह 11 बजे हवन करेंगे। 12 बजे केक काटेंगे। उसके बाद राज पैलेस पर पहुंचकर मिठाई बांटेंगे।