अलीगढ़ में जाम से मिलेगा छुटकारा, क्वार्सी चौराहे पर बनेगा ओवर ब्रिज
अलीगढ़ : शहर के लोगों को मिलेगा जाम से छुटकारा
अलीगढ़ : शहर के लोगों के लिए अच्छी खबर है। यदि सब कुछ सही रहा तो क्वार्सी चौराहे पर लगने वाले जाम से लोगों को जल्द मुक्ति मिलेगी। यहां ओवरब्रिज बनवाने की कवायद शुरू की जा रही है। इसके लिए मंडलायुक्त ने लोक निर्माण को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए है। इसे स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
क्वार्सी चौराहे के निकट अनूपशहर रोड पर कमिश्नरी के बराबर सर्किट हाउस बन गया है। डीआईजी ऑफिस भी यहीं बनाया जा रहा है। यहां आने वाले वीवीआईपी क्वार्सी चौराहे से ही होकर गुजरते हैं। इसके चलते चौराहे को प्रशासन खूबसूरत बनाना चाहता है। जगह कम होने के चलते चौराहे पर जाम लग जाता है। वीआईपी जब आते हैं तो टै्रफिक रोकने पर भी लोगों को दिक्कतें होती हैं। इस समस्या के निदान पीडब्ल्यूडी की टीम जल्द मौके का निरीक्षण ओवरब्रिज के लिए एक साधारण प्रस्ताव तैयार करेगी। शासन से स्वीकृति मिलने पर विस्तृत प्रस्ताव बनाया जाएगा। मंडलायुक्त अजयदीप सिंह ने बताया कि क्वार्सी चौराहे पर काफी जाम लगता है। ऐसे में यहां लोगों को दिक्कतें होती हैं। लोक निर्माण विभाग को यहां ओवर ब्रिज के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। यह प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
एटा चुंगी चौराहे का भी होगा सुंदरीकरण
क्वार्सी चौराहे के साथ ही एटा चुंगी चौराहा भी प्रमुख है। ऐसे अफसर इसका सुंदरीकरण करने में भी काफी धनराशि खर्च कर रहे हैं। यहां सिंग्नल लाइट लगाई जा रही हैं। इसके चारों तरफ के क्षेत्रफल को भी बढ़ाया जा रहा है। 24 मई को होने वाली एडीए बोर्ड की बैठक में इस चौराहे के सुंदरीकरण की योजना पर विचार होगा। एडीए व नगर निगम बनाएंगे फुट ओवर ब्रिज
शहर में कहीं भी फुट ओवर ब्रिज नहीं है। लेकिन, शहर में कई स्थान ऐसे हैं, जहां लोगों को सड़क पार करने में दिक्कतें होती हैं। ऐसे में अब मंडलायुक्त ने एक नई योजना बनाई है। अब एडीए व नगर निगम के माध्यम से फुट ओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इसके लिए दोनों विभागों के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। शहर के बड़े स्कूलों के पास तथा रामघाट रोड पर फुट ओवर ब्रिज बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी।