चार सड़क हादसों में आठ घायल
जागरण टीम, अलीगढ़ : जनपद के देहात क्षेत्र में होली के दिन गुरुवार को अकराबाद, गंगीरी, गभा
जागरण टीम, अलीगढ़ : जनपद के देहात क्षेत्र में होली के दिन गुरुवार को अकराबाद, गंगीरी, गभाना व विजयगढ़ समेत चार स्थानों पर सड़क हादसे हुए, जिनमें दंपती व दो भाइयों समेत आठ घायल हो गए। सभी घायल अस्पतालों में भर्ती कराए गए हैं।
अकराबाद थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर गाव लधौआ के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। खैर रोड अलीगढ़ की विद्या नगर कॉलोनी निवासी समयसिंह पुत्र बुधपालसिंह गुरुवार दोपहर अपनी पत्नी सुषमादेवी के साथ बाइक से सिकंदराराऊ अपनी ससुराल से घर वापस घर जा रहे थे। गाव लधौआ के निकट बाइक में अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पीआरवी 760 मौके पर पहुंची। घायल दंपती को जीप से सीएचसी ले गई। जहा कोई भी डाक्टर न होने के कारण फार्मासिस्ट ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
अज्ञात वाहन से
बाइक सवार घायल
गंगीरी थाना क्षेत्र के गांव कसेरी के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। जिला कासगंज के गांव धौंकेली निवासी दिनेश कुमार बुधवार रात बाइक से अलीगढ़ से अपने गांव आ रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। इसके अलावा गांव नगला बिरखी निवासी मुकेश कुमार की चार वर्षीय पुत्री रक्षता तीन दिन पूर्व बाइक की टक्कर से घायल हो गई थी, जिसकी तहरीर मुकेश कुमार ने पड़ोसी गांव नौगवां निवासी युवक के विरुद्ध दी है।
सड़क हादसे में दो भाई घायल गभाना हाईवे पर ओगर मोड़ के पास बाइक सवार दो युवकों को कार ने टक्कर मार दी, जिसमें दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कासगंज के अमापुर थाना के फकौता निवासी पवन कुमार अपने चचेरे भाई भगवान सिंह के साथ नोएडा स्थित किसी निजी कंपनी में काम करता है। होली की छुट्टी होने पर गुरुवार की सुबह दोनों बाइक से बाइक से नोएडा से कासगंज जा रहा था। हाईवे पर ओगर मोड़ के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसमें दोनों भाई गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पीआरवी 741 ने घायलों को मेडिकल में भर्ती कराया है।
दुकान पर खाना देने जा रही जेठानी-देवरानी घायल
विजयगढ़ कस्बा में बाईपास मार्ग पर गुरुवार शाम खाना लेकर जा रही दो महिलाओं को कार ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस ने कार जब्त कर लिया। चालक भाग गया। घायल महिलाओं अकराबाद सीएचसी पहुंचाया, जहां से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया है। कस्बा निवासी रमेशचंद्र कुशवाहा व उनके छोटे भाई अशोक कुशवाहा अकराबाद चौराहे पर हलवाई की दुकान करते हैं। दोनों की पत्नियां सावित्री देवी व किरन देवी गुरुवार को शाम करीब चार बजे खाना लेकर घर से पैदल दुकान पर जा रही थी। उसी होटल के पास एक बोलेरो ने दोनों महिलाओं को चपेट में ले लिया, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गई। सावित्री देवी की हालत गंभीर है। इस मामले में अशोक कुमार ने बोलेरो चालक राजेश के खिलाफ शराब पीकर टक्कर मार ने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।