यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अलीगढ़ में युवक का जबरन धर्म परिवर्तन व खतना कराया, आरोपित गिरफ्तार
थाना रोरावर क्षेत्र का मामला एसएसपी से मिलीं पूर्व महापौर शकुंतला भारती तब मुकदमा दर्ज हुआ।

जासं, अलीगढ़ : रोरावर थाना क्षेत्र में युवक का जबरन धर्म परिवर्तन कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक का खतना करा दिया गया। अब स्वजन का धर्म परिवर्तन कराने की धमकी दी जा रही है। इसे लेकर शुक्रवार को पूर्व महापौर शकुंतला भारती ने एसएसपी से मुलाकात करके कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। आरोपित फर्जी मंगलामुखी बताया जा रहा है।
लोधा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले युवक ने थाना रोरावर में मुकदमा दर्ज कराया है। कहा है कि कारखाने में काम करने के दौरान एक नकली मंगलामुखी से मुलाकात हुआ थी। आरोप है कि उसने गलत काम करने को मजबूर किया। उसे झांसे में लेकर धर्म परिवर्तन करा दिया। कई महीनों से उसका शोषण कर रहा है। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करके खतना भी करा दिया गया है। युवक ने रोरावर पुलिस को शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने उल्टा युवक को किन्नर के साथ ही भेज दिया। युवक के चाचा के साथ भी मारपीट का आरोप है। अब स्वजन का धर्म परिवर्तन कराने की धमकी दे रहा है। इसे लेकर पूर्व महापौर शकुंतला भारती शुक्रवार को पहले सीओ से मिलीं। फिर एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने सीओ प्रथम को जांच के आदेश दिए। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ प्रथम राघवेंद्र सिंह ने बताया कि साबिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी मामले की जांच की जा रही है।
