सादाबाद में पांच वर्षीय बच्ची की हत्या, दुष्कर्म की आशंका Hathras news
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेलते समय रात करीब आठ बजे लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची का दो घंटे बाद खेत में खून से लथपथ शव मिला।
हाथरस (जेएनएन) : सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में घर के बाहर खेलते समय रात करीब आठ बजे लापता हुई पांच वर्षीय बच्ची का दो घंटे बाद खेत में खून से लथपथ शव मिला। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही थी। हंगामे के डर से पुलिस ने बुधवार देर रात तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया। इसको लेकर परिजनों ने हंगामा भी काटा।
यह है मामला
सादाबाद क्षेत्र के एक गांव में यह बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। मोहल्ले के और भी बच्चे थे। रात नौ बजे तक जब बच्ची घर नहीं आई तो मां तलाशने निकली। बाकी बच्चे खेल रहे थे, लेकिन उनकी बेटी गायब थी। पति को बताया। इसके बाद तलाश शुरू हुई। इसी बीच पुलिस को खबर दी गई। रात करीब 10 बजे पीआरवी पहुंची। इसके बाद गांव के बाहर खेत में बच्ची का शव मिला। बच्ची खून से सनी हुई थी। गले पर निशान थे। शव देख दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की आशंका जाहिर की गई। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस छानबीन में जुटी। परिजनों ने किसी से रंजिश होने की बात से इन्कार किया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
सार्वजनिक नहीं की पोस्टमार्टम रिपोर्ट
बुधवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक न करने पर परिजनों व गांव वालों ने अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। दो घंटे तक परिजन शव लिए बैठे रहे, लेकिन पुलिस ने हंगामे के डर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं किया। परिजनों को समझा-बुझाकर शव का अंतिम संस्कार करा दिया।