सेब बदलने के लालच में पांच वर्षीय बच्चे का हाथ मां से छूटा, मौत ने लपकाAligarh News
बन्नादेवी क्षेत्र में जीटी रोड पर मालवीय पुस्तकालय के पास गुरुवार की शाम को स्कॉर्पियो ने पांच वर्षीय बच्चे को रौंद दिया। वह माता-बाप के साथ था। माता-पिता फल खरीदने लगे।
अलीगढ़ [जेएनएन]। बन्नादेवी क्षेत्र में जीटी रोड पर मालवीय पुस्तकालय के पास गुरुवार की शाम को स्कॉर्पियो ने पांच वर्षीय बच्चे को रौंद दिया। वह माता-बाप के साथ था। माता-पिता फल खरीदने लगे। बच्चा हाथ छुड़ाकर सड़क पर आ गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात में मौत हो गई। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सेब बदलते समय बच्चे का हाथ छूट गया
ओमवीर निवासी आफत नगर अलहदादपुर (हरदुआगंज) चालक हैं। गुरुवार को वे गर्भवती पत्नी गायत्री देवी को दवा दिलाने के लिए जिला अस्पताल आए थे। साथ में बेटा विष्णु भी था। डॉक्टर को दिखाकर शाम करीब पांच बजे वे बेटा व पत्नी के साथ रसलगंज चौराहे पर पहुंचे। मालवीय पुस्तकालय के पास फल की दुकान पर सेब खरीदने के लिए रुक गए। एक सेब खराब होने पर दुकानदार से उसे बदलने की कह रहे थे, तभी विष्णु मां-बाप से हाथ छुड़ाकर जीटी रोड पर आ गया। रसलगंज चौराहे की तरफ से आ रही स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। बेटे को लहूलुहान देख मां बिलखने लगी। बच्चे को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया। कार चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर बन्नादेवी रवींद्र कुमार दुबे ने बताया कि स्कॉर्पियो (यूपी 81 बीडी 3369) कब्जे में है। चालक निखिल वर्मा निवासी बरौली (जवां) को गिरफ्तार कर लिया है।
बुझ गया इकलौता चिराग
ओमवीर पर चार बच्चे हैं। तीन बेटियां (कीर्ति, दुर्गा, नंदिनी) व इकलौता बेटा विष्णु था। तीनों बहनें इकलौते भाई को बेहद प्यार करती थीं। हादसे के बाद जहां माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं बहनें अपने भाई को पुकारकर बिलख रही थीं।