शादी से पांच दिन पहले हाथरस की युवती हो गई रहस्यमय ढंग से लापता, सब है हैरान
शादी से पांच दिन पहले युवती के लापता होने से परिवार के सदस्य परेशान हैं। दोनों के परिवार लड़की की तलाश में जुट गए हैं। रहस्यमय ढंग से युवती के लापता होने से सभी हैरत में है।
हाथरस (जेएनएन)। शादी से पांच दिन पहले युवती के लापता होने से परिवार के सदस्य परेशान हैं। दोनों के परिवार लड़की की तलाश में जुट गए हैं। रहस्यमय ढंग से युवती के लापता होने से सभी हैरत में है। फोन से संपर्क नहीं हो रहा। कॉल डिटेल निकलवाई गई है लेकिन अब तक युवती का कोई सुराग नहीं लग सका है। युवती के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
दिल्ली के युवक से तय हुई थी शादी
कोतवाली सदर के क्षेत्र की युवती की शादी दिल्ली के एक युवक से तय हुई थी। परिजनों के मुताबिक लड़की की मरजी से रिश्ता तय हुआ था। उसने किसी तरह का विरोध नहीं किया था। प्रारंभिक रस्में व तैयारियां पूर्ण थीं। शादी के कार्ड बंट चुके हैं। विवाह स्थल भी तय था। 13 दिसंबर को शादी होनी थी।
ब्यूटी पार्लर गई थी युवती
आठ दिसंबर को लड़की घर से बैनीगंज स्थित ब्यूटी पार्लर आई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। परिवार के लोग तलाशते हुए पार्लर पहुंचे, लेकिन वहां से कोई जानकारी नहीं मिली। फोन पर भी संपर्क करने का प्रयास किया पर फोन बंद आ रहा था। परिजनों ने लड़के वालों से भी संपर्क किया। युवक ने किसी तरह की जानकारी से इंकार किया। इसके बाद कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की गई।
सर्विलांस की ली जा रही मदद
मुरसान गेट चौकी पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है। सर्विलांस की मदद ली जा रही है। अभी तक कामयाबी नहीं मिली है। पुलिस की अब तक छानबीन में सामने आया है कि युवती अपने होने वाले पति से ही अधिकतर बात करती थी। ऐसा कोई मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ नहीं लगा है, जिससे किसी अन्य युवक से संपर्क होने की बात सामने आती। इसलिए और ज्यादा परिजन परेशान हैं। उनका दावा है कि युवती को शादी से कोई परेशानी नहीं थी। इसीलिए उनकी ओर से अनहोनी की आशंका जाहिर की जा रही है। दिन पर दिन परिवार की ङ्क्षचता बढ़ती जा रही है।