अलीगढ़ में पहली बार 50 हजार किसानों के खाते में आएंगे दो-दो हजार
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पहले चरण में जिले के 50 हजार किसानों के खाते में दो-दो हजार की धनराशि आएगी। जिला प्रशासन ने बुधवार को इन किसानों की सूची केंद्र सरकार को भेज दी है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत पहले चरण में जिले के 50 हजार किसानों के खाते में दो-दो हजार की धनराशि आएगी। जिला प्रशासन ने बुधवार को इन किसानों की सूची केंद्र सरकार को भेज दी है। पहले चरण में पंजीकृत किसानों के चयन को प्राथमिकता दी गई है। तीन चरणों में इस योजना के किसानों का चयन होना है। जिले में कुल 1.70 लाख किसान इससे लाभांवित होने की उम्मीद है।
छह हजार मिलेंगे सालाना
केंद्र सरकार ने अंतरिम बजट में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की घोषणा की है। इसके तहत लघु व सीमांत किसानों को हर साल छह हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए किसानों के पास आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक व खतौनी में नाम अनिवार्य है। तीन चरणों में किसानों का चयन होगा। पहले चरण में पारदर्शी पोर्टल पर पंजीकृत किसानों का चयन होगा। दूसरे चरण में कागजातों में खामी वाले किसान चयनित होंगे। तीसरे चरण में गैर पंजीकृत किसानों का चयन होगा। एक फरवरी 2019 खतौनी से पहले खतौनी में नाम दर्ज होने वाले किसानों को ही लाभ मिलेगा।
दो हजार की आएगी पहली किस्त
केंद्र सरकार ने तीन चरणों में इस धनराशि को भेजने का फैसला लिया है। दो-दो हजार की किस्त भेजी जाएंगी। प्रदेश में 24 फरवरी को दो हजार की पहली किस्त भेजी जानी है। ऐसे में सभी जिलों से 13 फरवरी को किसानों की पहली सूची मांगी गई थी। ऐसे में जिले में बुधवार को पहली सूची को भेज दिया गया है। पहले चरण में 50 हजार किसानों के नाम भेजे गए हैं। सभी तहसीलों से इनका चयन हुआ है। पंजीकृत किसानों को प्राथमिकता से शामिल किया गया है।
इंटरनेट से हुई दिक्कत
प्रशासन को देर रात तक यह सूची भेजनी थी, लेकिन जिले में एएमयू प्रकरण के चलते दोपहर बाद से ही इंटरनेट बंद कर दिया है। ऐसे में यहां काफी दिक्कतें हुईं। सीडीओ ने देर रात फिर वैकल्पिक व्यवस्था कराई। इसके बाद काम शुरू हो सका।
50 हजार किसानों का चयन
मुख्य विकास अधिकारी दिनेश चंद्र का कहना है कि बुधवार को पहली सूची भेज दी है। ऐसे में जिले में 50 हजार किसानों का चयन किया गया है। शासन स्तर से ही सीधे खाते में सम्मान निधि भेजी जाएगी। जिले में 100 से अधिक कर्मचारी किसानों के नाम अपलोड करने में ही जुटे हुए हैं।