यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 31, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार का प्रशिक्षण दे रहीं वित्तीय संस्थाएं Aligarh News
पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को वित्तीय संस्थाएं स्वरोजगार का प्रशिक्षण दे रही हैं। प्रशिक्षण लेने के बाद युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। ...और पढ़ें

अलीगढ़,जागरण संवाददाता। पढ़े-लिखे बेरोजगार युवाओं को वित्तीय संस्थाएं स्वरोजगार का प्रशिक्षण दे रही हैं। प्रशिक्षण लेने के बाद युवा आत्मनिर्भर बन सकेंगे। केनरा बैंक ऐसे 63 कोर्स करा रही हैं, जिसमें विभिन्न प्रकार के रोजगार का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शनिवार को दीपावली मेला-विकास दीपोत्सव में आयोजित रोजगार मेले में बैंक अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। वहीं, नगर निगम अधिकारियों ने पटरी दुकानदारों के लिए चलाई गई योजना के बारे में विस्तार से बताया।
मेला में रंगारंग कार्यक्रम
जवाहर भवन में आयोजित दीपावली मेला में रंगारंग कार्यक्रमों के अलावा जन जागरुकता के कार्यक्रम भी हो रहे हैं। इनके जरिए तमाम तरह की जानकारियों लोगों को दी जा रही हैं। शनिवार को आयोजित रोजगार मेले में दीनदयाल अंत्योदय योजना, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत युवाओं के रोजगार देने की जानकारी दी गई। रोजगार मेले का आयोजन जिला नगरीय विकास अभिकरण, नगर निगम व केनरा बैंक के सहयोग से किया गया। केनरा बैंक के निदेशक अतुल सिंह ने मेले में छात्र-छात्राओं व बेरोजगार युवाओं को शासन की जनहित योजनाओं और शासन द्वारा स्वरोजगार की ओर किए जा रहे प्रयासों के संबंध में बताते हुए कहा 18 से 45 वर्ष की आयु के बेरोजगार लोगों को रोजगार दिलाने के लिए प्रयास हो रहे हैं। केनरा बैंक के माध्यम से 63 विभिन्न कोर्स में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रोजगार मेले के मुख्य अतिथि अरुण कुमार गुप्त ने कहा लोन के माध्यम से स्ट्रीट वैंडर्स को लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेश सरकार ने सराहनीय पहल की है। इस मेले का आयोजन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किया गया है। निश्चित रूप से इसके सफल परिणाम सामने आएंगे। कार्यक्रम का संचालन अतुत सिंह ने किया।
योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में पीएम स्वनिधि योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना के साथ-साथ भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की जनहित योजनाओं से युवाओ को अवगत कराया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि पार्षद नरेंद्र कुमार वार्ष्णेय के साथ मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय कुमार राय, परियोजना अधिकारी प्रभात कुमार मिश्रा, एलडीएम अनिल सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक केनरा बैंक रोशन सिंह, पूर्व पार्षद सईदा खातून, विधिक प्राधिकरण से आभा वार्ष्णेय, कर अधीक्षक राजेश कुमार, मीडिया सहायक अहसान रब, संजय सक्सेना, तरुण पाठक, चक्रवर्ती दत्त, शिवकुमार, सौरभ सिंह, वर्कशाप सहायक धर्मवीर सिंह आदि मौजूद रहे।
