बीज से बाजार तक, किसानों को मिलेगा संबल Aligarh news
कृषि वैज्ञानिक भी हर समय मौजूद रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी ब्रज किसान प्रोड्यूसर कंपनी ने ली है। खासबात है इस कंपनी में किसान शेयर होल्डर की तरह होंगे।
अलीगढ़, [जेएनएन]। किसानों के लिए अच्छी खबर है। बीज से लेकर बाजार तक आने वाली किसानों की सभी समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा। किसान बीज कैसा खरीदें, फसलों को बीमारियों से कैसे बचाएं? बाजार में उन्हें अनाज की कैसे अच्छी कीमत मिल सके? इन सबके बारे में भी किसानों की मदद की जाएगी। कृषि वैज्ञानिक भी हर समय मौजूद रहेंगे। इसकी जिम्मेदारी ब्रज किसान प्रोड्यूसर कंपनी ने ली है। खासबात है इस कंपनी में किसान शेयर होल्डर की तरह होंगे। उन्हें अपनी फसल और उत्पाद का सही मूल्य तो मिलेगा ही साथ ही कंपनी के मुनाफे में लाभांश भी मिलेगा।
किसानों के सामने आज भी बीज से लेकर बाजार तक की समस्याएं खत्म नहीं हुई हैं। तमाम बार ऐसा होता है कि उन्हें बीज गलत मिल जाते हैं, जिससे पूरी फसल बर्बाद हो जाती है। पूरी की पूरी लागत डूब जाती है। यदि फसल तैयार हो जाती है तो बाजार में अच्छी कीमत नहीं मिलती है। इसे देखते हुए ब्रज किसान प्रोड्यूसर कंपनी की स्थापना की गई है। कंपनी से जुडऩे वाला हर किसान कंपनी का सदस्य होगा।
प्रोसेसिंग यूनिट भी लगेगी
कंपनी के एक्सपर्ट किसानों के अनाज को बाजार में अच्छी कीमत पर बिकवाने की व्यवस्था करेंगे। साथ ही कंपनी प्रोसेसिंग यूनिट भी लगाएगी। यूनिट में दलिया, चोकर, सत्तू आदि प्रोसेस करके बनाया जाएगा। सरसों के तेल की पेराई की भी व्यवस्था की जाएगी, जिससे किसान तेल की सीधे पेराई कर सकें। गेहूं आदि पीसने की भी व्यवस्था की जाएगी। किसानों की सहमति से ही उनके खाद्य सामग्री की कीमत तय की जाएगी, जिससे किसानों को उचित दाम मिल सके।
प्रोत्साहित किया जाएगा
कंपनी किसानों को परंपरागत खेती के साथ ही मछली और मधुमक्खी पालन के बारे में भी प्रोत्साहित करेगी, जिससे किसान किसान स्वावलंबी बनें। खासकर महिला किसानों को सब्जी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। उनकी सब्जी को बेचने के लिए मंडी तक की व्यवस्था कराई जाएगी।
उपलब्ध रहेंगे कृषि वैज्ञानिक
किसानों को हर समय कृषि वैज्ञानिक उपलब्ध रहेंगे। कंपनी की ओर से दिए गए टोल फ्री नंबर पर किसान किसी भी तरह की समस्याओं के बारे में समाधान पा सकेंगे। किसानों को तकनीकी ज्ञान के लिए समय-समय पर गोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।
किसानों को मिलेगा लाभांश
ब्रज किसान प्रोड्यूसर कंपनी में छह डायरेक्टर और पांच सदस्य हैं। कंपनी के नियम के तहत कंपनी से जुडऩे वाला प्रत्येक किसान सदस्य होगा। इसलिए कंपनी की पूरी कोशिश होगी कि किसान को किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न ना हो। कंपनी को जितना लाभ होगा उसमें से किसानों को लाभांश भी मिलेगा। इससे किसानों को दोगुना फायदा होगा।
किसानों से शुरू हो गया संपर्क
हमारा उद्देश्य है कि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले। यह कंपनी किसानों के लिए ही समर्पित है। क्योंकि आज भी किसानों को बीज से बाजार तक के लिए परेशान होना पड़ता है। - संतोष सिंह, निदेशक
कंपनी ने काम शुरू कर दिया है। जलाली क्षेत्र में किसानों से संपर्क भी किया जा रहा है। गोष्ठी भी आयोजित की गई है। इससे किसान काफी उत्साहित हैं। हमारी कोशिश है कि किसान स्वावलंबी बनें। - डॉ. ज्ञानेंद्र मिश्रा, निदेशक
मैं गांवों में महिलाओं की स्थिति को देखकर इस कंपनी से जुड़ी हूं। क्योंकि गांव में महिलाएं खेती तो करती हैं, मगर दो-दो पैसे के लिए तरसती हैं, उन्हें जागरूक करेंगे और आर्थिक रुप से स्वावलंबी भी। - अंजू अग्रवाल, निदेशक
खेती का स्वरुप आज बदला है। इसमें किसानों को बुआई से लेकर फसलों में बीमारी और कीट-पतंगे तक से सुरक्षा करनी पड़ती है। थोड़ी सी लापरवाही में किसानों की फसल बर्बाद हो जाती है। हम किसानों की इसमें मदद करेंगे। - राजकुमार सिंह, एग्रोनॉमिस्ट