Aligarh News: मां की आशिकी में कातिल बने बेटे, आपत्तिजनक हालत में देखने पर प्रेमी को पीट-पीटकर मार डाला
Aligarh News महिला के तीन बेटों ने दिया घटना को अंजाम। मुकदमा पंजीकृत एक गिरफ्तार। महिला संग काफी समय से थे अवैध संबंध। मृतक के भाई ने हत्या की तहरीर नामजद दी थी जिसके बाद हत्याकांड का खुलासा हुआ।
अलीगढ़, जागरण टीम। महिला की आशिकी उसके तीन बेटों को नागवार गुजरी। बेटों ने मां को उस व्यक्ति के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा तो पहले रस्सी से बांध दिया, फिर पीट-पीटकर मार डाला। चीखने की आवाज सुनकर आए उस व्यक्ति के भाई ने बचाने का भी प्रयास किया, मगर उसे भी मारने की धमकी दी। घटना को अंजाम देने के बाद महिला समेत तीनों बेटे फरार हो गए।
प्रेमी के कारण होती थी घर में कलह
ग्रामीणों के मुताबिक, व्यक्ति ज्यादातर महिला के घर में रहता था। इसी बात को लेकर कई दिन से घर में कलह हो रही थी। मृतक के भाई ने महिला के तीनों बेटों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया है। एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गांव बरहद निवासी 50 वर्षीय राम खिलाड़ी कश्यप तीन बेटे व एक बेटी के पिता थे। उनके चारों बच्चों की शादी हो गई है। बेटी अपनी ससुराल और तीनों बेटे दिल्ली में अपनी बीवी-बच्चों के साथ रहते हैं। रामखिलाड़ी गांव में ही रहते थे। उनका गांव में कोई आशियाना नहीं है।
10 वर्षों से थे महिला से संबंध
पुलिस के मुताबिक, गांव की 50 वर्षीय महिला से उनके करीब 10 वर्ष से अवैध संबंध थे। महिला के छह बेटे व दो बेटियां हैं, जिनमें सात बच्चों की शादी हो गई है। एक बेटा अविवाहित है। रामखिलाड़ी का ज्यादातर समय महिला के घर पर रहकर गुजरता था। बेटों को यह अखर रहा था। रविवार को देर रात रामखिलाड़ी महिला के पास पहुंचा। तभी बेटों ने दोनों को आपत्तिनजक हालत में देख लिया। इस पर बेटों ने रामखिलाड़ी को दबोच लिया। इसके बाद रस्सा से बांधकर उसे लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। भाग जा नहीं तो तुझे भी मार देंगे भाई की चीख पुकार सुनकर महिला के घर पहुंचे कालीचरण ने भाई को बचाने का प्रयास किया तो महिला के तीनों बेटों ने उसे धमकी दी कि भाग जा नहीं तुझे भी मार डालेंगे। यह सुनते ही वह लौट गया।
मां समेत फरार हो गए तीन बेटे
लाठी-डंडों की पिटाई होने पर कुछ देर में रामखिलाड़ी की मौत हो गई। इसके बाद मां समेत तीनों बेटे फरार हो गए। गांव के किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। खबर मिलते ही एसओ जितेंद्र कुमार गांव बरहद पहुंचे और रस्से से बंधा अधेड़ का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विजयगढ़ में व्यक्ति की हत्या की गई है। जांच में पता चला है कि व्यक्ति के एक महिला से अवैध संबंध थे। रविवार रात को महिला के बेटों ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। इससे आवेश में आकर बेटों ने व्यक्ति की हत्या कर दी। मृतक के भाई कालीचरण ने भूरी सिंह, भोले शंकर व नहना के विरुद्ध हत्या का मुकदमा कराया है। भूरी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। सर्जना सिंह, सीओ बरला
कहीं महिला को न मार दें आरोपित
घटना तीनों बेटों ने की है। आरोपितों ने महिला के सिर में भी डंडा मारा था। लोगों ने महिला को लहुलूहान हालत में देखा। लेकिन, उनके साथ महिला भी फरार है। ऐसे में आशंका है कि कहीं आरोपित अवैध संबंधों के चलते महिला की भी हत्या न कर दें। हालांकि पुलिस को महिला की लोकेशन बुलंदशहर में मिल गई है। एक टीम बुलंदशहर भेजी गई है।