Move to Jagran APP

अलीगढ़ में एस्मा के बाद भी 15 हजार कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल

प्रदेश सरकार से एस्मा लगने के बाद भी कर्मचारी हड़ताल करने से पीछे नहीं हटे। बुधवार से कर्मचारी, शिक्षक अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के तत्वावधान में हड़ताल शुरू हो गई है।

By Edited By: Published: Thu, 07 Feb 2019 09:00 AM (IST)Updated: Thu, 07 Feb 2019 09:54 AM (IST)
अलीगढ़ में एस्मा के बाद भी 15 हजार कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल
अलीगढ़ में एस्मा के बाद भी 15 हजार कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल

अलीगढ़ (जेएनएन)। प्रदेश सरकार से एस्मा लगने के बाद भी कर्मचारी हड़ताल करने से पीछे नहीं हटे। बुधवार से कर्मचारी, शिक्षक अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के तत्वावधान में हड़ताल शुरू हो गई है। तहसील व जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कर्मचारी नेताओं की मानें तो जिले में एक दर्जन विभागों के 15 हजार कर्मचारी हड़ताल पर हैं।

loksabha election banner

एस्मा का नहीं दिखा असर
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर कई दिन पहले बुधवार से हड़ताल करने की चेतावनी दी गई थी। सरकार ने एस्मा (आवश्यक सेवाओं के अनुरक्षण अधिनियम) के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी। उम्मीद थी कि कर्मचारी हड़ताल नहीं करेंगे, लेकिन वह नहीं मानें। उन्होंने तय दिन से अपनी हड़ताल शुरू कर दी है। जिला स्तर पर कलक्ट्रेट पर हड़ताल की शुरुआत हो गई। इसमें बीएसए कार्यालय, कृषि विभाग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग, पशुपालन विभाग, राजस्व संग्रह अमीन, लेखपाल समेत अन्य सभी डिप्लोमा इंजीनियर महाविद्यालय शिक्षक प्राथमिक संघ, विकास भवन के कर्मचारी शामिल हुए।

यह कर्मचारियों के अस्तित्व की है लड़ाई
मंच के अध्यक्ष सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली होने तक कोई भी शिक्षक राजकीय कार्य नहीं करेगा। यह कर्मचारियों के अस्तित्व की लड़ाई है। कहा, हड़ताल के समय में भी सभी कर्मचारी शिक्षक अपने अफसरों के नंबर ब्लॉक लिस्ट में डाल दें।  प्रदर्शन को कांग्रेस के पूर्व सांसद बिजेंद्र सिंह, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष गिरवर शर्मा, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष बाबा फरीद आजाद ने पहुंचकर समर्थन दिया।

हड़ताल से टीकाकरण बाधित
हड़ताल में हेल्थ विभाग की एएनएम शामिल हुईं। इससे टीकाकरण अभियान बाधित हुआ। विभाग ने संविदा एएनएम व बेसिक हेल्थ वर्कर्स की मदद से टीकाकरण कराया। मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ की महामंत्री महामाया ने बताया कि जिले में 240 एएनएम हैं, जो हड़ताल पर रहीं। यूपी मेडिकल एंड पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कहाकि हमने हड़ताल का नैतिक समर्थन किया है।

उद्योग व श्रम विभाग में हड़ताल नहीं
उद्योग व श्रम विभाग में हड़ताल बेअसर दिखी। उद्योग विभाग के कर्मचारी सामान्य दिनों की तरह काम करते देखे गए। जापान हाउस स्थित श्रम विभाग के कार्यालय में उप श्रमायुक्त जबीं आयशा कार्यदिवस के समय जमी रहीं। कर्मचारी भी प्रदर्शन में भाग लेने नहीं पहुंचे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.