विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल से अलीगढ़ साइकिल पर पहुंचे डॉ. अनिल जोशी, बोले... प्रकृति के दोहन से सूख रहीं नदियां

By Vinod Bharti Edited By: Prateek Gupta
Published: Wed, 11 Nov 2026 07:23 PM (IST)

पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की नेपाल से शुरू हुई 'प्रकृति पथ साइकिल यात्रा' अलीगढ़ पहुंची, जहां उन्होंने प्रकृति के ...और पढ़ें

अलीगढ़ में साइकिल यात्रा लेकर पहुंचे डॉ. अनिल प्रकाश जोशी।

अलीगढ़ में साइकिल यात्रा लेकर पहुंचे डॉ. अनिल प्रकाश जोशी।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। प्रकृति हमें जीवन के लिए सब कुछ दे रही है, लेकिन बदले में हम उसे क्या लौटा रहे हैं? पेड़ काट रहे हैं, नदियों में कचरा और औद्योगिक अपशिष्ट डाल रहे हैं, भूजल का अंधाधुंध दोहन कर रहे हैं। नतीजा यह है कि कहीं नदियां सूखकर नालों में बदल रही हैं तो कहीं बाढ़ तबाही मचा रही है। यह प्रकृति का नहीं, हमारे अपने व्यवहार का संकट है।

प्रकृति को बचाने की चिंता दरअसल मानव अस्तित्व को बचाने की चिंता है। अब विकास को केवल आर्थिक तरक्की के चश्मे से देखने के बजाय पर्यावरण के नजरिये से भी परखना होगा। यह बात पर्यावरणविद् पद्मभूषण डाॅ. अनिल प्रकाश जोशी ने कही। वह नेपाल से शुरू हुई प्रकृति पथ साइकिल यात्रा लेकर बुधवार को अलीगढ़ पहुंचे, जिसमें 14 सदस्य सम्मालित हैं।

हाथरस से अलीगढ़ में प्रवेश के दौरान सासनी गेट पर जोशी व अन्य यात्रियों का जगह-जगह स्वागत किया गया। पूर्व विधायक विवेक बंसल के मैरिस रोड स्थित आवास पर स्वागत समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में जोशी ने चेताया कि प्रकृति के बिना पांच मिनट भी जीवन संभव नहीं है, लेकिन मनुष्य ने प्राकृतिक संसाधनों को मुफ्त की संपत्ति समझकर उनका असीमित दोहन शुरू कर दिया है।

गंडक और कोसी जैसी नदियों में बाढ़ तथा दूसरी ओर नदियों का सूखना इसी असंतुलन की चेतावनी है। आज नदिया मर रही हैं या मार रही हैं। तमाम नदियों नालों में बदल चुकी हैं। नदियों को अविरल-निर्मल बनाने के लिए वर्षा जल संचयन और जलस्रोतों का संरक्षण जरूरी है। औद्योगिक कचरे को नदियों में जाने से रोकने के लिए सरकारों को सख्ती दिखानी होगी।

जोशी ने कहा कि सरकारों को सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) ही नहीं, सकल पर्यावरण उत्पाद (जीईपी) की भी चिंता करनी होगी। विकास का आकलन इस आधार पर भी हो कि हवा, पानी, मिट्टी और हरियाली की स्थिति कितनी बेहतर हुई। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड ने इस दिशा में पहल की है, अन्य राज्यों को भी इसे अपनाना चाहिए। अरावली पर्वत माला में खोदाई की अनुमति पर भी सवाल उठाए।

दो टूक कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों के भरोसे नहीं हो सकता। समाज को भी अपनी जीवनशैली और उपभोग की आदतें बदलनी होंगी। हर समय नई वस्तु खरीदने, जरूरत से ज्यादा संसाधन खर्च करने और कचरा पैदा करने की प्रवृत्ति पर रोक लगानी होगी।

सात राज्यों और तीन हजार किलोमीटर का सफर तय करेगी यात्रा

जोशी ने बताया कि दो अक्टूबर को गांधी जयंती पर नेपाल के जनकपुर से शुरू हुई यह यात्रा सात राज्यों से गुजरते हुए लगभग 50-55 दिनों में तीन हजार किमी की दूरी तय करेगी। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से संवाद किया जाएगा। नीतिगत बदलाव के लिए जनप्रतिनिधियों से संवाद भी जरूरी है।

आरएमपीएसयू पहुंचा यात्रा दल

साइकिल यात्रा राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय भी पहुंची। कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने सभी यात्रियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। यहां आयोजित परिचर्चा में ग्रीन इंडिया फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं वर्ल्ड वाटर काउंसिल के सदस्य जगदीश चौधरी ने कहा कि प्रकृति को मुफ्त का संसाधन समझकर उसका दोहन करना सबसे बड़ी भूल है। पेड़ लगाने से पहले उन्हें कटने से बचाना, पानी का सम्मान करना और प्लास्टिक व पालिथीन का इस्तेमाल कम करना जरूरी है।

इन्होंने किया यात्रा का स्वागत

यात्रा का पर्यावरणविद् सुबोध नंदन शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सोमवीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष जियाउद्दीन राही, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण व उपाध्यक्ष ठा. सुमित कुमार सिंह, राजू सोल्जर, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय यादव, शीलू चंदेल, डूंगर सिंह, वसी मोहम्मद, मो. शाहिद आदि ने भी स्वागत किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।