डीएम का पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष को पत्र, लिखा ये सब Aligarh news
त्योहारों पर शहर को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले इसके लिए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष को पत्र लिखा है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। त्योहारों पर शहर को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले, इसके लिए डीएम चंद्रभूषण सिंह ने उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष को पत्र लिखा है। पत्र में शहर की संवेदनशीलता को देखते हुए 22 सितंबर से दस अक्टूबर तक बिना किसी कटौती के बिजली सप्लाई देने की मांग की है। कहा है, इसी अवधि में रामलीला, कृष्णलीला महोत्सव, रामनवमी, दशहरा व दुर्गा पूजा समेत त्योहार हैं।
नवरात्रि पर्व 29 सितंबर से शुरू
डीएम ने पत्र में यह भी कहा है कि अलीगढ़ सांप्रदायिक दृष्टि से अति संवेदनशील शहर है। कई बार यहां छोटी-छोटी घटनाएं गंभीर रूप ले लेती हैं। 22 सितंबर से 10 अक्टूबर तक रामलीला महोत्सव होने जा रहा है। आठ अक्टूबर को विजयादशमी पर्व है। 27 सितंबर से 10 अक्टूबर तक कृष्णलीला महोत्सव है। नवरात्रि पर्व भी 29 सितंबर से शुरू हो रहा है। इन महोत्सवों के दौरान रात्रि के समय में भी शहर में हलचल रहती है और असामाजिक तत्व अंधेरे का फायदा उठाकर शांतिभंग करने का प्रयास करते हैं।