Move to Jagran APP

Aligarh News: गोश्त न लाने पर घर में हुआ झगड़ा, बच्चों के सामने पत्नी की गर्दन काटकर हत्या, पति गिरफ्तार

Aligarh News मामूली बात ने तूल पकड़ा तो पत्नी की हत्या कर दी। सगीर मजदूरी करता है और मूलरूप से अतरौली कस्बे के मोहल्ला निचान का रहने वाला है। इन पर तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि गोश्त ना लाने से झगड़े की शुरुआत हुई।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek SaxenaTue, 28 Mar 2023 07:36 AM (IST)
Aligarh News: गोश्त न लाने पर घर में हुआ झगड़ा, बच्चों के सामने पत्नी की गर्दन काटकर हत्या, पति गिरफ्तार
Aligarh News: गोश्त न लाने पर पत्नी की हत्या।

अलीगढ़, जागरण टीम। रमजान माह में देहलीगेट थाना क्षेत्र के मामूद नगर में एक युवक ने अपने बच्चों के सामने अपनी पत्नी की चाकू से गर्दन काटकर हत्या कर दी। आरोपित ने चाकू से चेहरे व हाथ पर भी वार किए। पुलिस के मुताबिक, पति के गोश्त ना लाने पर दोनों में विवाद हुआ था। घटना के बाद आरोपित भागने लगा, जिसे लोगों ने दबोच लिया। पुलिस ने चाकू बरामद करते हुए सोमवार को आरोपित को जेल भेज दिया।

दस वर्ष पहले हुई थी शादी

कासगंज के थाना ढोलना क्षेत्र के गांव भामो निवासी 32 वर्षीय गुड्डो की शादी करीब 10 वर्ष पहले रोरावर थाना क्षेत्र के मामूद नगर गली नंबर पांच इकरा लाज से सामने रहने वाले सगीर खां से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू कलह के चलते झगड़े होते रहते थे। रविवार रात को गुड्डो ने सगीर से गोश्त मंगवाया था। सगीर गोश्त लेकर नहीं आया। इसी बात देररात करीब साढ़े 10 बजे दोनों में विवाद शुरू हो गया। सगीर ने गुड्डो से दाल बनाने को कहा। इसी बात पर दोनों में कहासुनी बढ़ गई।

रसोई से चाकू उठाकर किया हमला

सगीर ने रसोई के चाकू से बच्चों के सामने ही गुड्डो पर हमला कर दिया। उसके गर्दन व चेहरे पर कई वार किए। बच्चों की चीत्कार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित भागने लगे। लोगों ने पीछा करके आरोपित को दबोच लिया। रात में ही एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सीओ प्रथम अभय पांडेय, थाना प्रभारी राजेश कुमार मौके पर आ गए।

इस मामले में गुड्डो के पिता जहीर ने सगीर के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया है। इसमें आरोप है कि सगीर गुड्डो से आएदिन मारपीट करता था। गुड्डो ने ये बात बताई थी, मगर तब उसे समझा दिया था। रविवार रात को आरोपित ने हत्या कर डाली। मामूद नगर में ही रहने वाली जहीर की बहन रुकसाना ने फोन करके उन्हें सूचना दी। देररात स्वजन अलीगढ़ आ गए थे। नमाज पढ़कर आया था आरोपित रमजान माह में हुई यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।

कुछ देर पहले ही नमाज से लौटा था

आसपास के लोगों ने बताया कि आरोपित सगीर कुछ देर पहले ही नमाज पढ़कर आया था। इसके बाद उसका झगड़ा हुआ। सगीर ने रोटी मांगी तो गुड्डो ने खुद उठकर रोटी लेने को कह दिया। इसी बात पर आरोपित सगीर आपा खो बैठा और चाकू से पत्नी पर ताबड़तोड़ वार किए।

बेटी बोली- गोश्त को लेकर हुआ था झगड़ा

गुड्डो पर तीनों बेटियां हैं। घटना के बाद तीनों बच्चे बिलख रहे थे। आठ वर्षीय बड़ी बेटी नविया ने बताया कि गोश्त को लेकर झगड़ा हुआ था। इसी बात पर पिता ने मां की हत्या कर दी। पुलिस के सामने भी बच्चों ने ही पूरी घटना बताई थी।

घरेलू विवाद में युवक ने अपनी पत्नी की हत्या की है। उसके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कुलदीप सिंह गुनावत, एसपी सिटी