रिंकू सिंह के भाई 'लेफ्टी' ने BCCI के पाले में डाली गेंद... 'सिक्सर किंग' और प्रिया सरोज की शादी की डेट पर कही ये बात
क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख 4 दिसंबर को लखनऊ में तय हुई है, ...और पढ़ें

प्रिया सरोज और रिंकू सिंह। फाइल फोटो।
HighLights
प्रिया सरोज के पिता ने 4 दिसंबर को शादी की पुष्टि की।
रिंकू के भाई ने मैच शेड्यूल के चलते तिथि नकारी।
लखनऊ के रमाडा होटल में होंगे वैवाहिक कार्यक्रम।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। सपा सांसद प्रिया सरोज और रिंकू सिंह की सगाई जून 2025 में हुई थी। इसके बाद से दोनों लगातार चर्चा में रहे हैं। विवाह समारोह में राजनीति, प्रशासन और क्रिकेट जगत से जुड़े कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना है। हल्दी और मेहंदी की रस्म भी रमाडा में ही होंगी। दो दिसंबर से ही होटल की बुकिंग तीन दिन के लिए है। दोनों परिवार के लोग होटल रमाडा में दो दिन पहले ही पहुंच जाएंगे। शादी समारोह काफी सादगी से सम्पन्न होगा।
2024 में लोकसभा सांसद चुनी गई प्रिया सरोज
प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर, 1998 को सपा नेता तूफानी सरोज और मुन्नी देवी के घर (वाराणसी) हुआ। वह 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में सांसद चुनी गईं। वह उत्तर प्रदेश से सबसे युवा सांसद हैं। सांसद बनने के समय वह 25 वर्ष की थीं। रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य हैं। उन्होंने वनडे में 27 की औसत से 55 रन और टी-20 इंटरनेशनल मैच में 42 की औसत से 546 रन बनाए हैं।
रिंकू सिंह ने नौ अप्रैल 2023 को गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच गेंदों पर लगातार पांच छक्के लगाकर अपनी पहचान बनाई। शादी में कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक व सिने स्टार शाहरुख खान शामिल हो सकते हैं। उन्होंने एक बार रिंकू से उनकी शादी में डांस करने की बात कही थी।
रिंकू के बल्ले ने बदली परिवार की तकदीर
बुलंदशहर के दानपुर गांव के मूल निवासी खानचंद करीब 25 वर्ष पहले रोजगार की तलाश में अलीगढ़ आए थे। गोविला गैस एजेंसी में काम करते हुए उन्होंने परिवार का पालन-पोषण किया। साइकिल से घर-घर सिलिंडर पहुंचाना उनकी दिनचर्या थी। इसी बीच बेटे रिंकू की आंखों में क्रिकेटर बनने का सपना पल रहा था। आर्थिक हालात ठीक नहीं थे, फिर भी खानचंद ने बेटे के सपने के आगे अपनी इच्छाओं को पीछे कर दिया।
आईपीएल में पांच गेंदों पर पांच छक्के
रिंकू ने मेहनत के दम पर उत्तर प्रदेश की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-23 टीमों से खेलते हुए रणजी ट्रॉफी तक का सफर तय किया। आईपीएल में लगातार पांच गेंदों पर पांच छक्के लगाकर उन्होंने परिवार की जिंदगी बदल दी। जून 2025 में लखनऊ में रिंकू की सगाई हुई। इसके बाद शादी की तारीख तय होने की चर्चाएं चलती रहीं। मगर करीब डेढ़ वर्ष तक कैंसर से जूझने के बाद फरवरी में खानचंद का निधन हो गया।
इस तरह हुई रिंकू व प्रिया की मुलाकात
पूर्व में दिए एक साक्षात्कार में प्रिया सरोज ने बताया था कि उनकी बहन के इंस्टाग्राम पेज के प्रमोशन के दौरान उन्हें रिंकू सिंह के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने रिंकू की प्रोफाइल देखी और उनकी दो पोस्ट लाइक कीं। कुछ समय बाद रिंकू की ओर से उन्हें ‘हाय’ का मैसेज आया। यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। पहली मुलाकात के लिए रिंकू करीब पांच घंटे देर से पहुंचे, जिस पर प्रिया ने उन्हें डांट भी लगाई थी। धीरे-धीरे बातचीत दोस्ती और फिर रिश्ते में बदल गई।
रिंकू के भाई ने किया इनकार
रिंकू के भाई सोनू ‘लेफ्टी’ ने बताया कि अभी दिसंबर में रिंकू के विवाह की तिथि फाइनल होने जैसी कोई बात नहीं है। दिसंबर के शुरुआती दिनों में रिंकू के मैच शेड्यूल्ड हैं। बीसीसीआई से जब तक शेड्यूल जारी नहीं हो जाता तब तक तिथि कैसे फाइनल कर सकते हैं? घर पर भी सब लोग तैयारी में हैं लेकिन बीसीसीआई से शेड्यूल जारी होने के बाद ही कुछ निर्धारित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- क्रिकेटर रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज की शादी की डेट फिक्स, लखनऊ में होंगी वैवाहिक रस्में
प्रिया सरोज के पिता ने की पुष्टि
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और मछली शहर की सपा सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख की पुष्टि प्रिया सरोज के पिता और केराकत विधायक तूफानी सरोज ने की है कि दोनों का विवाह चार दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगा। विधायक के अनुसार, दोनों परिवारों की सहमति से विवाह की तारीख और स्थल तय किया गया है। शादी की तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली गई हैं। विवाह समारोह पूरे विधि-विधान से आयोजित किया जाएगा।
