कानपुर हाइवे के जमीन अधिग्रहण में 28 करोड़ का मुआवजा बंटना बाकी Aligarh news
कानपुर हाईवे के लिए ली गई जमीन का करीब 28 करोड़ रुपये मुआवजा बंटना अभी बाकी है। करीब 150 किसानों को इसका लाभ मिलना है। कुछ मामलों में विवाद के चलते प्रशासन मुआवजा नहीं बांट पा रहा है। कुछ की जांच रिपोर्ट देर से आई है।
अलीगढ़, जेएनएन : कानपुर हाईवे के लिए ली गई जमीन का करीब 28 करोड़ रुपये मुआवजा बंटना अभी बाकी है। करीब 150 किसानों को इसका लाभ मिलना है। कुछ मामलों में विवाद के चलते प्रशासन मुआवजा नहीं बांट पा रहा है। कुछ की जांच रिपोर्ट देर से आई है। हाईवे को सिक्सलेन करने के लिए अलीगढ़ के करीब 15 गांवों में जमीन का अधिग्रहण हुआ था।
मार्ग को फोरलेन किया जाएगा
केंद्र सरकार ने अलीगढ़ से कानपुर तक के मार्ग को फोरलेन करने का फैसला लिया था। इसी के हिसाब से भूमि का अधिग्रहण हुआ। बाद में इसे सिक्सलेन करने का फैसला लिया गया तो प्रशासन ने और जमीन का अधिग्रहण किया। निर्माण कार्य अभी फोरलेन का हो रहा है, लेकिन भविष्य में सिक्सलेन किया जाएगा। अलीगढ़ जिले में 15 गांवों से 50.47 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया। इसमें करीब 10 फीसद सरकारी थी। भूमि अधिग्रहण के लिए 154 करोड़ रुपये मुआवजा तय हुआ था। इसमें से अब तक 126 करोड़ किसानों को दिए जा चुके हैैं। 28 करोड़ रुपये बाकी है। इसमें से करीब 16 करोड़ रुपये रिजर्व में हैं। यह राशि विवादित जमीनों के लिए है। 12 करोड़ रुपये किसानों को दिए जा रहे हैैं। एसएलएओ संजीव ओझा ने बताया कि मुआवजा वितरण प्रक्रिया चल रही है।