हाथरस में 11 साल की बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म, गर्भवती होने पर हुई जानकारी
11 साल की मासूम बच्ची का जीवन पड़ोस के दो युवकों ने बर्बाद कर दिया। कई दिन तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गर्भ ठहर जाने पर परिजनों को पता चला।
हाथरस (जेएनएन)। 11 साल की मासूम बच्ची का जीवन पड़ोस के दो युवकों ने बर्बाद कर दिया। कई दिन तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। गर्भ ठहर जाने पर परिजनों को पता चला। लड़की की मां ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जांच में मिली गर्भवती होने की जानकारी
मंगलवार को कोतवाली सदर पहुंची लड़की की मां के अनुसार उनके पति की नौकरी आगरा में लग गई थी, इसलिए वे दो-तीन महीने से यहां का मकान छोड़कर बच्चों के साथ आगरा रहने लगी हैं। महिला की 11 साल की बेटी को कई दिन से पेट में दर्द उठ रहा था। पहले तो मामूली दर्द समझ नजरअंदाज करती रहीं। मंगलवार की सुबह तेज दर्द उठा तो मां ने पेट पर हाथ लगाकर देखा। पेट कुछ उभरा हुआ था। शक होने पर वे चिकित्सक के पास पहुंचीं। जांच में गर्भवती होने की बात पता चली तो पैरों तले से जमीन खिसक गई। बच्ची से परिजनों ने पूछा तो उसने हाथरस में पुराने घर पर घटित घटना के बारे में बताया।
बच्ची को गला काटने की दी थी धमकी
बच्ची ने बताया कि चार महीने पहले पड़ोस के दो युवक रात लगभग आठ बजे उसे घर की छत पर ले गए थे। वहां सामूहिक दुष्कर्म किया तथा शिकायत करने पर गला काटने की धमकी दी। डर की वजह से बच्ची ने परिजनों को कुछ नहीं बताया। बच्ची की मां के अनुसार इसी बात का फायदा दोनों युवकों ने उठाया तथा कई दिन तक घटना दोहराते रहे। रोजाना लड़की को धमाकाकर छत पर बुला लेते थे। डर की वजह से लड़की उत्पीडऩ झेलती रही।
दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज
पीडि़ता की मां के अनुसार चिकित्सक ने तीन माह का गर्भ बताया है। महिला ने पड़ोसी युवक मुकुल व बॉबी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस दोनों युवकों की तलाश में जुट गई है। घर पर दबिश दी, लेकिन कोई नहीं मिला। परिजनों से भी पूछताछ की गई है।
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा का कहना है कि मामला गंभीर है। मुकदमा दर्ज कर पीडि़ता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।