हाथरस में शीतगृह संचालक से मारपीट कर लूटपाट, गंभीर हालत में आगरा में भर्ती
मुरसान के गांव कोटा में शनिवार देर रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने शीतगृह संचालक से लूटपाट की। बदमाशों से हुई हाथापाई में उनके सिर में गंभीर चोट आई।
हाथरस (जेएनएन): मुरसान के गांव कोटा में शनिवार देर रात तीन बाइक सवार बदमाशों ने शीतगृह संचालक से लूटपाट की। बदमाशों से हुई हाथापाई में उनके सिर में गंभीर चोट आई। बदमाश सोने की चेन व 30 हजार रुपये लूटकर ले गए। घायल संचालक का उपचार आगरा के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही है।
सिर पर मारी थी तमंचे की बट
मुरसान के गांव सरकोरिया निवासी अजित ङ्क्षसह पुत्र सौदान ङ्क्षसह का कोटा में पटा चौराहा रोड पर दाऊजी कोल्ड स्टोरेज है। शनिवार रात लगभग 10 बजे वे शीतगृह से काम खत्म कर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से गांव के लिए निकले। शीतगृह से थोड़ा आगे आते ही मोड़ पर खड़े दो युवकों ने उन्हें हाथ दिया। गांव के युवक समझकर अजित ने बाइक रोक ली। इतने में पीछे से दो बाइक और आईं। एक ने आगे लगा ली तथा दूसरे ने बाइक पीछे खड़ी कर ली। कुह छह बदमाशों ने उनसे मारपीट शुरू कर दी। अजित ने विरोध किया, लेकिन वे छह लोगों के आगे असहाय नजर आए। ज्यादा हाथ-पैर मारने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से उनके सिर पर प्रहार करना शुरू कर दिया। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाश उनके गले से सोने की चेन व जेब से लगभग 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। रुपये शीतगृह से संबंधित थे। अजित ने जैसे-तैसे मोबाइल से घर पर खबर दी। उनके भाई अशोक कुमार व अन्य लोग उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां भाजपा नेता डा. अविन शर्मा के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें आगरा ले गए। इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई। लूट की सूचना पर इलाके की नाकाबंदी कराई गई, लेकिन बदमाशों का कुछ पता नहीं चला। अजित के भाई अशोक ने मुरसान कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।