अलीगढ़ के इगलास विधानसभा क्षेत्र में सीएम योगी देंगे उपचुनाव को धार aligarh news
चर्चा है कि पार्टी ने चुनाव को देखते हुए सात विधानसभा क्षेत्रों में से इगलास में इसलिए ही कार्यक्रम तय किया है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। विकास योजनाओं की घोषणा के बहाने सीएम योगी आदित्यनाथ इगलास विधानसभा के उप चुनाव को धार देंगे। सीएम के 10 सितंबर तक आने की संभावना बन रही है। प्रशासनिक स्तर से तैयारियां शुरू हो गई हैं। चर्चा है कि पार्टी ने चुनाव को देखते हुए सात विधानसभा क्षेत्रों में से इगलास में इसलिए ही कार्यक्रम तय किया है।
सातों सीटों पर किया था कब्जा
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की सातों सीटों पर कब्जा जमा लिया था। इगलास विधायक राजवीर दिलेर के हाथरस सांसद बनने से यह सीट खाली हो गई है। अक्टूबर में यहां चुनाव होना है। भाजपा ने आचार संहिता लगने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम लगाया है। वह यहां कई योजनाओं का लोकार्पण कर सकते हैं।
दावेदारों की कवायद
योगी इस कार्यक्रम के माध्यम से चुनाव को धार देंगे। इगलास विधानसभा क्षेत्र जाट बहुल है। सूत्र बताते हैं कि इसे देखते हुए ही सीएम योगी का कार्यक्रम रखा गया है। वह यहां पर अनुच्छेद 370 व तीन तलाक पर भी बोल सकते हैं। भाजपा नेताओं ने तैयारी शुरू कर दी हैं। टिकट के लिए दावेदारों ने लखनऊ से लेकर दिल्ली तक परिक्रमा शुरू कर दी है।
बाइक रैली से भरेंगे हुंकार
इगलास चुनाव में हवा भरने के लिए भाजपा विशाल बाइक रैली की तैयारी कर रही है। बाइक रैली में इगलास विधानसभा क्षेत्र के चारों मंडल के कार्यकर्ता बाइक से एक साथ निकलेंगे।
12 को आएंगे केंद्रीय मंत्री
12 सितंबर को नुमाइश मैदान स्थित कृष्णांजलि में सामाजिक न्याय मंत्री थावर चंद्र गहलौत आ रहे हैं। वह दिव्यांगों को उपकरण बांटेंगे।
राष्ट्रीय महासचिव कार्यकर्ताओ को आज देंगे टिप्स
रालोद इगलास विधानसभा उपचुनाव ठोस रणनीति के साथ लडऩे जा रहा है। कार्यकर्ता हर दर, हर घर जा रहे हैं। शनिवार को इगलास के बालाजी गेस्ट हाउस में सुबह 11 बजे से कार्यकर्ता सम्मेलन है। जिलाध्यक्ष रामबहादुर चौधरी व महानगर प्रवक्ता जियाउर्रहमान ने कहा कि सम्मेलन को महासचिव डॉ. राजकुमार सांगवान व वरिष्ठ नेता डॉ. सुशील संबोधित करेंगे।