Father murdered daughter: चरित्र पर था शक, हथौड़े से की बेटी की हत्या Aligarh News
उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के गांधीपार्क क्षेत्र की यादव कालोनी में चार दिन पहले तड़पती मिली किशोरी की हत्या उसी के पिता ने की थी। वह बेटी के चरित्र पर शक करता था।
अलीगढ़ [जेएनएन]: उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के गांधीपार्क क्षेत्र की यादव कालोनी में चार दिन पहले तड़पती मिली किशोरी की हत्या उसी के पिता ने की थी। वह बेटी के चरित्र पर शक करता था। गोल गप्पे खिलाने के बहाने ले गया और सिर में हथौड़े से प्रहार कर हत्या कर दी। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
यह है मामला
एसपी क्राइम डॉ. अरङ्क्षवद कुमार ने बताया कि 17 जून की रात नौ बजे गांधीपार्क थाने के पीछे यादव कालोनी में 12 वर्षीय किशोरी तड़पती मिली थी। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया था। उसी रात एक महिला अपनी बेटी को आसपास के इलाके में ढूंढती मिली। पुलिस जब पला फाटक स्थित उसके घर पहुंची तो उसने किशोरी की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। सीओ पंकज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में इंस्पेक्टर सुधीर पाल धामा, धनीपुर मंडी चौकी प्रभारी अश्वनी शर्मा ने पला फाटक से यादव कालोनी के बीच रास्ते के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
लोकेश ने पहले किया इंकार
घटनास्थल के पास एक कैमरे में अधेड़ शख्स किशोरी के साथ दिखा, मगर तस्वीर साफ नहीं थी। शुक्रवार को एक अन्य सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि अधेड़ का हुलिया किशोरी के पिता लोकेश से मिल रहा है। लोकेश ने पूछताछ में खुद को पहचानने से इन्कार कर दिया। दो घंटे चली पूछताछ में लोकेश टूट गया और अपना गुनाह कबूला।
रिवाल्वर चेक करते में गोली चली, आर्मोरर घायल
अलीगढ़ : पुलिस लाइन में तैनात आर्मोरर शनिवार को एक दारोगा की सर्विस रिवाल्वर चेक करते समय अचानक चली गोली से घायल हो गए। गोली हाथ में लगी जिससे अंगुली चुटैल हो गई।
हरदुआगंज स्थित कोरोना अस्पताल एल -वन में तैनात दारोगा गोपाल सिंह का शनिवार को एसएसपी ने थाना खैर में स्थानांतरण कर दिया। दारोगा अपनी सर्विस रिवाल्वर में आई कमी को सही कराने के लिए दोपहर के वक्त पुलिस लाइन पहुंच गए। यहां उन्होंने आर्मोरर अशोक कुमार को रिवाल्वर दिखाई।
गोली चल गई
रिवाल्वर उस वक्त लोड थी, देखने के दौरान ही उससे गोली चल गई, जो अशोक कुमार के हाथ की अंगुली को जख्मी करते हुए निकल गई। गनीमत रही कि उस वक्त रिवाल्वर के सामने कोई नहीं था अन्यथा गंभीर हादसा हो सकता था। घायल आर्मोरर अशोक कुमार को प्रतिसार निरीक्षक सोमदत्त शुक्ला को सरकारी जिप्सी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और उपचार कराया। फिर छुट्टी कराकर वापस पुलिस लाइन ले आए। एसएसपी मुनिराज ने भी इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि हुई लापरवाही की जांच कराई जाएगी।