सेल्फी के चक्कर में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से धक्का-मुक्की, गिरने से बचे
नई दिल्ली से अलीगढ़ आए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के साथ आज रात स्टेशन पर सेल्फी लेने के चक्कर में धक्का-मुक्की हो गई।
अलीगढ़ (जेएनएन)। सेल्फी का चस्का इन दिनों युवाओं के साथ ही नेताओं को भी काफी जोर से लग गया है। अलीगढ़ में आज रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा भाजपा नेताओं के सेल्फी लेने के चक्कर में अलीगढ़ में रेलवे प्लेटफार्म पर गिरते-गिरते मच गए।
नई दिल्ली से अलीगढ़ आए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के साथ आज रात स्टेशन पर सेल्फी लेने के चक्कर में धक्का-मुक्की हो गई। उनके स्वागत को लेकर वहां पर सांसद सतीश गौतम, शहर विधायक संजीव राजा, कोल विधायक अनिल पराशर, जिलाध्यक्ष ठा. गोपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे।
मंत्री के ट्रेन से उतरते ही सेल्फी लेने की ऐसी होड़ मची कि यह धक्का मुक्की में तब्दील हो गई। राज्यमंत्री बमुश्किल संभले। इस पर भाजपा सांसद सतीश गौतम कार्यकर्ताओं से कड़ी झाड़ लगाई। पुलिस-प्रशासनिक अफसर उन्हें निकाल कर सर्किट हाउस लेकर पहुंचे। यहीं वह रात्रि विश्राम करेंगे। खास यह भी कि रेल राज्यमंत्री की ट्रेन भी लेटलतीफी से बच नहीं पाई। वह भी नियत समय (10.15 बजे) से 15 मिनट की देरी से पहुंच सके।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा यहां भाजपा के संपर्क अभियान की कड़ी में पहुंचे हैं। वह यहां कल सुबह पांच प्रबुद्धजनों से मुलाकात करेंगे। इनमें महाकवि गोपालदास नीरज, कारोबारी महक सिंघल, विज्ञान रत्न लक्ष्मण प्रसाद आदि से घर जाकर संपर्क करेंगे। केंद्र सरकार की उपलब्धियों की पुस्तिका देकर पार्टी के लिए समर्थन मांगेंगे। वह रात में सर्किट हाउस में रुकेंगे। सुबह संपर्क अभियान शुरू होगा। इन पांच हस्तियों से मुलाकात के बाद वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। रेलवे अफसरों का भी यहां डेरा है। उनसे स्टेशन पर लिफ्ट व अन्य कार्यों का लोकार्पण या शिलान्यास भी कराने की तैयारी है। दोपहर साढ़े 12.30 बजे गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली लौटने की योजना है।