अलीगढ़ में ट्रक व कार की भिड़ंत, छर्रा के शराब कारोबारी व होटल संचालक की मौत
महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के पनेठी के पास हुआ हादसा ट्रक चालक फरार।
जासं, अलीगढ़ : महुआखेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे पर शनिवार रात को बड़ा हादसा हुआ। ट्रक व कार की भिड़ंत में शराब कारोबारी व होटल संचालक की मौत हो गई। दोनों छर्रा के रहने वाले थे। कार से छर्रा लौट रहे थे। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने शव को मशक्कत के बाद बाहर निकाला। ट्रक चालक फरार हो गया। हादसे के चलते रात में कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। हादसे के बाद छर्रा कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई।
छर्रा कस्बा निवासी होटल संचालक 45 वर्षीय अमित माहेश्वरी व कस्बे के ही 50 वर्षीय शराब कारोबारी अशोक गुप्ता शनिवार को स्विफ्ट कार (यूपी 81 एई 4566) से अलीगढ़ आए थे। रात करीब 10 बजे लौट रहे थे। कार अमित चला रहे थे। एटा की तरफ से ट्रक (यूपी 21 सीएन 0437) अलीगढ़ की तरफ आ रहा था। पनेठी से पहले हाईवे पर कार की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में अमित की मौत हो गई। अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते वक्त इन्होंने भी दम तोड़ दिया। कार को काटकर लोगों की मदद से पुलिस ने अमित के शव को बाहर निकाला। देररात हुए हादसे के बाद लोगों की भीड़ लग गई। हाईवे पर भी वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने आधा घंटे में ट्रैफिक को सुचारू कराया। इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक चालक फरार है।
..........
कैंटर के निकले पहिये
संसू, लोधा : कोहरे के चलते शुक्रवार रात थाने के सामने एक कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। इसमें कन्नौज निवासी प्रवेश कुमार छिबरामऊ से कैंटर लेकर नोएडा जा रहे थे। तेज गति होने के कारण कैंटर के पिछले पहियों का जोड़ा निकलकर सड़क पर आ गया। गनीमत रही कि उस वक्त कोई वाहन नहीं था।