भांजे के अपहरण की कोशिश कर रहे कार सवारों ने मामा को मारी गोली Aligarh News
पुष्प विहार कालोनी में भांजे का अपहरण करने आए कार सवारों ने विरोध करने पर मामा पर गोली चला दी। गोली का छर्रा कंधे को छूकर निकल गया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अलीगढ़ [जेएनएन]: सासनीगेट क्षेत्र के पुष्प विहार कालोनी में भांजे का अपहरण करने आए कार सवारों ने विरोध करने पर मामा पर गोली चला दी। गोली का छर्रा कंधे को छूकर निकल गया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली लगने वाले शख्स की भांजी बीते दिनों प्रेमी के साथ उसके घर में मिली थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे निकाला था। बाद में उसने प्रेमी के साथ रहने पर हामी भरी थी। मामा ने लड़के पक्ष के लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर सासनीगेट जावेद खां ने बताया कि तहरीर में चार लोगों पर आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह है मामला
सासनीगेट क्षेत्र की पुष्प विहार कालोनी निवासी विमल उपाध्याय की कलक्ट्रेट में फोटो स्टेट की दुकान है। शुक्रवार देर रात वह अपने भांजे आशीष के साथ घर के बाहर खड़े थे। अचानक कार सवार दो-तीन युवक आए और आशीष को उठाकर ले जाने लगे। इसे देख विमल ने विरोध किया तो उसके साथ पहले मारपीट की। फिर फायर कर दिया। गोली का छर्रा विमल के कंधे को छूकर निकल गया। इसके बाद कार सवार युवक फरार हो गए। आनन-फानन विमल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। विमल की भांजी ने चार जनवरी को साईं विहार इलाके में रहने वाले युवक के साथ भागकर कोर्ट मैरिज कर ली। कुछ दिनों बाद छात्रा ने मां को रोते हुए मदद मांगी थी। इस पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छात्रा को निकाला था। बाद में युवती के 164 के बयान हुए, जिसमें उसने लड़के के साथ रहने की बात कही।
मुकदमा दर्ज कर होगी कार्रवाई
विमल का आरोप है कि लड़के पक्ष के लोगों ने उन पर हमला करवाया है। इंस्पेक्टर सासनीगेट जावेद खां ने बताया कि तहरीर में चार लोगों पर आरोप लगाया है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।