भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव बोले, जो नेता के चक्कर लगाए वह दलाल Aligarh news
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा जो कार्यकर्ताओं की परिक्रमा करता है वो नेता होता है और जो नेता की परिक्रमा करे वह दलाल होता है।
अलीगढ़ (जेएनएन)। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में जुटने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं को देव तुल्य बताते हुए उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ताओं की परिक्रमा करता है, वो नेता होता है और जो नेता की परिक्रमा करे, वह दलाल होता है।
भाजपा ने देश की एकता व अखंडता के लिए बलिदान दिया
वैशाली एक्सप्रेस से अलीगढ़ पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष पत्रकार वार्ता के बाद सीधे इगलास में किशनजी गेस्ट हाउस में पहुंचे। यहां आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा देश की एकता व अखंडता के लिए जिन्होंने बलिदान दिया, उनका सम्मान पार्टी बचाएगी।
जम्मू-कश्मीर में मिलेगा लोगों को सम्मान
जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का कलंक हटने के बाद वहां सभी वर्ग के लोगों को समान सम्मान मिलेगा। पूरे विश्व में कश्मीर एक ऐसा प्रदेश था, जहां सेना के ऊपर पत्थर फेंके जाते थे। अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं, वहां विकास की गंगा बहायी जा रही है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था कि एक दिन कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया जाए, लंदन के विक्टोरिया पैलेस पर भारत माता का जयघोष हो, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये सपने साकार किए हैं।
ये हुए शामिल
उन्होंने कहा, प्रत्येक कार्यकर्ता संकल्प ले कि अपने बूथ को जिताएगा। सम्मेलन में 458 बूथों के अध्यक्ष, 80 सेक्टरों के प्रभारी व सेक्टर संयोजक ने भाग लिया। सम्मेलन को प्रभारी मंत्री सुरेश राणा, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रजनीकांत माहेश्वर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह, एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया, सांसद सतीश गौतम, हाथरस सांसद राजवीर दिलेर, कोल विधायक अनिल पाराशर, शहर विधायक संजीव राजा, खैर विधायक अनूप वाल्मीकि, बरौली विधायक दलवीर सिंह, जिला अध्यक्ष गोपाल सिंह, विष्णु गोयल, निशित शर्मा, शशि सिंह, गौरव शर्मा, विक्रम सिंह ङ्क्षहडोल, प्रत्याशी राजकुमार सहयोगी आदि थे।
आज सभाएं करेंगे कैबिनेट मंत्री
प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मी नारायण गुरुवार को इगलास में पार्टी प्रत्याशी राजकुमार सहयोगी व जिला पंचायत अध्यक्ष उपेंद्र सिंह नीटू के साथ गांव गोरई, मुरवार, कैमथल, बिसौली, गज्जू का नगला आदि में चुनावी सभाएं करेंगे।